भोपाल (संदीप पंडा)। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर वन विहार स्थित गुरु मनोहर उन्मुक्त योग केंद्र में देशभक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह की शुरुआत राष्ट्रध्वज तिरंगे के ध्वजारोहण के साथ हुई। उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान के साथ देश की आन-बान-शान तिरंगे को नमन किया।
इस अवसर पर स्वर्गीय श्री गुरु मनोहर लाल चौबे जी के चित्र पर माल्यार्पण कर सभी उपस्थितजनों ने उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। योग एवं समाज के क्षेत्र में उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान योग गुरु निलेश जेमिनी जी का सम्मान किया गया। उपस्थित योग साधकों ने योग और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर भी चर्चा की। समारोह में बड़ी संख्या में योगाभ्यासी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे, जिससे पूरा परिसर राष्ट्रप्रेम और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम का संचालन दैनिक क्षितिज किरण के डायरेक्टर एवं युवा पत्रकार विलक्षण सक्सेना जी ने किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का दिन भी है। समारोह के अंत में सभी उपस्थितजनों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और देश की एकता, अखंडता, शांति एवं समृद्धि की कामना की।








