भोपाल (आरएनएस)। शहर में डेंगू और मलेरिया के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम ने रोकथाम के लिए संयुक्त अभियान तेज कर दिया है। वर्ष 2026 में अब तक जिले में डेंगू के 206 और मलेरिया के 13 पॉजिटिव मरीज मिल चुके हैं। मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान करने के लिए घर-घर सर्वे किया जा रहा है। सितंबर से अब तक 89 हजार 702 घरों की जांच में 4 हजार 208 घरों में मच्छरों का लार्वा मिला है। वहीं, 6 लाख 38 हजार 591 कंटेनरों की जांच के दौरान 5,023 में लार्वा पाया गया, जिसे टीमों ने मौके पर ही नष्ट किया।स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, सितंबर और अक्टूबर में डेंगू के मामले बढऩे की आशंका रहती है। बारिश के बाद जमा पानी मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनाता है। इसी को देखते हुए जिला मलेरिया कार्यालय और नगर निगम की टीमें घर-घर पहुंचकर लार्वा सर्वे, विनष्टीकरण, फॉगिंग और लार्विसाइड का छिडक़ाव कर रही हैं। नागरिकों को भी पानी जमा नहीं होने देने और नियमित सफाई के लिए जागरूक किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने जनवरी से अक्टूबर 2026 तक मलेरिया जांच के लिए 2 लाख 32 हजार 821 का लक्ष्य निर्धारित किया था। इसके मुकाबले अब तक 2 लाख 21 हजार 480 जांचें की जा चुकी हैं।








