बाल दिवस पर इटरनिटी स्कूल के बच्चों ने किया मानव संग्रहालय का शैक्षणिक भ्रमण, संस्कृति और इतिहास से हुए रूबरू

Join Us

भोपाल (संदीप पंडा)। बाल दिवस के अवसर पर नीलबड़ स्थित इटरनिटी स्कूल ऑफ एक्सीलेंस द्वारा विद्यार्थियों के लिए एक विशेष शैक्षणिक पिकनिक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्कूल के बच्चों को श्यामला हिल्स स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय का भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान बच्चों ने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आदिवासी जीवनशैली, पारंपरिक रहन-सहन और मानव सभ्यता के विकास से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। करीब 200 एकड़ क्षेत्र में फैला इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय देश के प्रमुख मानवविज्ञान संग्रहालयों में शामिल है। यहां भारत के विभिन्न क्षेत्रों की संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया गया है। संग्रहालय में अलग-अलग आदिवासी समुदायों के पारंपरिक आवास, समुद्र तटीय क्षेत्रों के लोगों की जीवनशैली, राजस्थान सहित रेगिस्तानी इलाकों की झोपडिय़ां और ग्रामीण परिवेश में इस्तेमाल होने वाले पारंपरिक औजार एवं तकनीकों को देखकर बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। स्कूल की अध्यापिकाओं ने भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न प्रदर्शनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बताया कि देश के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले समुदायों की वेशभूषा, खान-पान, आवास, परंपराएं और जीवन जीने के तरीके किस प्रकार एक-दूसरे से अलग होते हुए भी भारतीय संस्कृति की विविधता को दर्शाते हैं। इस शैक्षणिक भ्रमण ने बच्चों को कक्षा की पढ़ाई से आगे बढक़र प्रत्यक्ष रूप से इतिहास, संस्कृति और सामाजिक जीवन को समझने का अवसर दिया। बाल दिवस के इस विशेष आयोजन में बच्चों ने न केवल नई जानकारियां हासिल कीं, बल्कि अपने सहपाठियों और शिक्षिकाओं के साथ यादगार पल भी बिताए। स्कूल प्रबंधन की इस पहल से विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे भ्रमण के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और जिज्ञासा साफ झलकती रही। यह आयोजन उनके लिए मनोरंजन के साथ-साथ ज्ञान और अनुभव से भरपूर एक यादगार बाल दिवस साबित हुआ।

Previous articleईरान में फं से भारतीय नाविक अक्षय हरीश की जल्द होगी वतन वापसी: विदेश मंत्रालय