भोपाल (आरएनएस)। उत्तर भारत के पहाड़ों में बर्फबारी की आहट के साथ ही मध्य प्रदेश में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। रातें सर्द होने लगी हैं और सुबह कई शहरों में धुंध छाने लगी है। प्रदेश के 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। हैरानी की बात यह है कि प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी के मुकाबले भोपाल और इंदौर की रातें ज्यादा ठंडी रहीं। मौसम के बदले मिजाज का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इंदौर में न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री और भोपाल में 12.2 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि पचमढ़ी में पारा 12.6 डिग्री रहा। यानी मैदानी शहरों ने ठंड के मामले में हिल स्टेशन को भी पीछे छोड़ दिया है। प्रदेश में सबसे कम तापमान कटनी के करौंदी में 10.6 डिग्री दर्ज हुआ। दमोह में पारा 11 डिग्री रहा। शहडोल के कल्याणपुर में 11.4, शाजापुर के गिरवर में 11.6 और मलाजखंड में 12.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। जबलपुर, रायसेन और उमरिया में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री रहा। उज्जैन में 14 और ग्वालियर में 14.6 डिग्री दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से साफ है कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रात की ठंड बढऩे लगी है।अगले पांच दिन में और गिरेगा पारामौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री तक गिरावट आ सकती है। नवंबर के दूसरे पखवाड़े से ठंड का असर और बढऩे का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में संभावित बर्फबारी के साथ उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाएं मध्य प्रदेश के तापमान को प्रभावित करेंगी। राजस्थान के बीकानेर संभाग में 14 और 15 नवंबर को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश होने की संभावना है। इसके बाद वहां ठंड बढ़ सकती है। इसका असर भी प्रदेश के मौसम पर पडऩे का अनुमान है।








