भेपाल( आरएनएस)। एक परिवार ने अपने प्रियजन को खोने के गहरे दुख के बीच ऐसा फैसला लिया, जिसने पांच परिवारों की जिंदगी में उम्मीद की नई रोशनी भर दी। स्वर्गीय सुमित सोनी के परिजनों ने उनके अंगदान का निर्णय लिया। इसके बाद एम्स भोपाल की टीम ने अंगों को जरूरतमंद मरीजों तक पहुंचाने और प्रत्यारोपण की प्रक्रिया पूरी कराने में अहम भूमिका निभाई। इस फैसले से पांच गंभीर मरीजों को नया जीवन मिलने की उम्मीद जगी है। अंगदान के बाद एम्स भोपाल में एक किडनी का सफल प्रत्यारोपण किया गया। दूसरी किडनी और लिवर को सुरक्षित तरीके से ग्रीन कॉरिडोर बनाकर बंसल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जरूरतमंद मरीजों में इनके प्रत्यारोपण की व्यवस्था की गई। वहीं, दोनों कॉर्निया को एम्स के आई बैंक में सुरक्षित रखा गया है। इनके प्रत्यारोपण से दो अन्य मरीजों की आंखों में रोशनी लौटाई जा सकेगी। अंगों को सुरक्षित और निर्धारित समय में संबंधित अस्पताल तक पहुंचाना इस पूरी प्रक्रिया की सबसे महत्वपूर्ण चुनौती थी।
इसके लिए एम्स की प्रत्यारोपण टीम, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर्स, अस्पताल प्रशासन और यातायात पुलिस ने समन्वय के साथ काम किया। ग्रीन कॉरिडोर के जरिए किडनी और लिवर को बंसल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों की टीम ने कॉर्निया को भी सुरक्षित रखने की व्यवस्था की।








