बीएमएचआरसी के डॉक्टरों का कमाल: बड़ी आंत से तैयार की नई भोजन नली, डेढ़ साल बाद युवक ने फिर चखा खाना

Join Us

भोपाल (ए.)। चिकित्सा विज्ञान में आधुनिक तकनीक और डॉक्टरों की विशेषज्ञता ने एक युवक को नया जीवन दिया है। एसिड पीने के कारण अपनी भोजन नली गंवा चुके २५ वर्षीय युवक को बीएमएचआरसी के चिकित्सकों ने जटिल ऑपरेशन के जरिए दोबारा सामान्य रूप से भोजन करने लायक बना दिया। डॉक्टरों ने उसकी बड़ी आंत के एक हिस्से का इस्तेमाल कर नई भोजन नली तैयार की। सफल सर्जरी के बाद युवक अब मुंह से खाना खा रहा है और उसे अस्पताल से छुट्टी भी मिल चुकी है। जानकारी के अनुसार, युवक ने करीब डेढ़ साल पहले एसिड पी लिया था। इसके गंभीर प्रभाव से उसकी भोजन नली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। समय के साथ नली पूरी तरह बंद हो गई, जिसके चलते उसके लिए मुंह से खाना तो दूर, पानी पीना भी संभव नहीं रह गया था। चिकित्सकों ने एंडोस्कोपी के माध्यम से नली को खोलने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। नली पूरी तरह बंद होने के कारण स्टेंट लगाने का विकल्प भी उपलब्ध नहीं था।
इस दौरान मरीज को पोषण देने के लिए छोटी आंत तक एक वैकल्पिक रास्ता बनाया गया था, जिससे उसे तरल आहार दिया जा रहा था। हालांकि, यह व्यवस्था लंबे समय के लिए पर्याप्त नहीं थी।
बीएमएचआरसी के उदर रोग शल्यक्रिया विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. प्रमोद वर्मा के मुताबिक, एसिड के प्रभाव से मरीज का आमाशय भी काफी क्षतिग्रस्त हो चुका था। इसलिए आमाशय का उपयोग करके नई भोजन नली बनाना संभव नहीं था। चिकित्सकों ने जांच के बाद बड़ी आंत के स्वस्थ हिस्से को इस काम में इस्तेमाल करने का निर्णय लिया।
ऑपरेशन के दौरान बड़ी आंत का लगभग २० सेंटीमीटर हिस्सा अलग किया गया। इसकी रक्त आपूर्ति को सुरक्षित रखते हुए इसे निर्धारित रास्ते से ऊपर लाया गया और भोजन नली के स्वस्थ हिस्से से जोड़ा गया। इसके दूसरे सिरे को छोटी आंत से जोडक़र भोजन पहुंचने का नया मार्ग बनाया गया। साथ ही बड़ी आंत के शेष हिस्से को भी पुन: जोड़ दिया गया।
इस पूरी प्रक्रिया को चिकित्सा विज्ञान में कोलोनिक इंटरपोजिशन फॉर ईसोफेजियल रिप्लेसमेंट कहा जाता है। सीटीवीएस विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. गिरिराज गर्ग ने बताया कि ऑपरेशन की सबसे कठिन चुनौती बड़ी आंत के हिस्से को सुरक्षित रूप से ऊपर पहुंचाकर जोडऩा था। पुरानी एसिड इंजरी के कारण आसपास के ऊतकों में आए बदलावों ने सर्जरी को और चुनौतीपूर्ण बना दिया था। इस जटिल ऑपरेशन को उदर रोग शल्यक्रिया और सीटीवीएस विभाग की संयुक्त टीम ने सफलतापूर्वक पूरा किया। सर्जरी के बाद मरीज ने फिर से मुंह के रास्ते भोजन लेना शुरू कर दिया है। उपचार का पूरा खर्च आयुष्मान भारत योजना के तहत नि:शुल्क किया गया। बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक डॉ. मनीषा श्रीवास्तव ने इस सफलता पर कहा कि इस प्रकार के ऑपरेशन चिकित्सा की दृष्टि से बेहद चुनौतीपूर्ण होते हैं। विभिन्न विशेषज्ञ विभागों के बेहतर तालमेल और चिकित्सकों के प्रयासों से मरीज के लिए भोजन का नया रास्ता तैयार किया जा सका। ऑपरेशन करने वाली टीम में डॉ. प्रमोद वर्मा, डॉ. गिरिराज गर्ग, डॉ. अनुराग यादव और डॉ. शिल्पा तिवारी शामिल रहे।

Previous articleपंजाब के तरनतारन में तीर्थयात्रियों की दो बसों की टक्कर में चार की मौत, 21 घायल
Next articleभोपाल में डेंगू के 206 और मलेरिया के 13 मरीज: 4,208 घरों में मिला मच्छरों का लार्वा, 89 हजार से ज्यादा घरों का सर्वे