पन्ना (आरएनएस)। मध्य प्रदेश के पन्ना की रत्नगर्भा धरती ने एक बार फिर बेशकीमती हीरा उगला है। पन्ना स्थित राष्ट्रीय खनिज विकास निगम की मझगवां हीरा खनन परियोजना में 27.29 कैरेट का उच्च गुणवत्ता वाला हीरा मिला है। इसे परियोजना में अब तक प्राप्त दूसरा सबसे बड़ा उच्च गुणवत्ता वाला हीरा बताया जा रहा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इसकी कीमत करीब दो से ढाई करोड़ रुपये हो सकती है। हालांकि, हीरे की कटाई और पॉलिश के बाद ही इसकी वास्तविक कीमत तय होगी।यह हीरा 15 सितंबर 2026 को मझगवां स्थित राष्ट्रीय खनिज विकास निगम की हीरा खनन परियोजना में प्राप्त हुआ। इससे पहले जुलाई 2026 में परियोजना में 13.16 कैरेट का हीरा मिला था। अब 27.29 कैरेट के हीरे की प्राप्ति के साथ पिछले रिकॉर्ड में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। कंपनी ने भी इस उपलब्धि की जानकारी अपने सामाजिक माध्यम के जरिए साझा की है। राष्ट्रीय खनिज विकास निगम की मझगवां परियोजना एशिया की प्रमुख मशीनीकृत हीरा खनन परियोजनाओं में शामिल है। यहां आधुनिक मशीनों के माध्यम से हीरा खनन किया जाता है। परियोजना के मानव संसाधन विभाग के के.एन. सिंह ने बताया कि 15 सितंबर को परियोजना में 27.29 कैरेट का रत्न गुणवत्ता वाला हीरा प्राप्त हुआ है।
मझगवां खदान में इससे बड़ा हीरा वर्ष 2010 में मिला था। उस समय 34.37 कैरेट का हीरा प्राप्त हुआ था, जिसे करीब 3.2 करोड़ रुपये में बेचा गया था। इसके करीब 16 वर्ष बाद अब 27.29 कैरेट का दूसरा बड़ा उच्च गुणवत्ता वाला हीरा मिला है।
पन्ना के मझगवां क्षेत्र के अलावा आसपास के इलाकों में भी लोग पट्टे पर जमीन लेकर हीरे की तलाश में खुदाई करते हैं। यहां समय-समय पर आम लोगों और खनन श्रमिकों को भी हीरे मिलते रहे हैं। कई बार इन छोटे खननकर्ताओं की किस्मत हीरे मिलने से बदल चुकी है।
नए मिले 27.29 कैरेट के हीरे को अब नियमानुसार नीलामी की प्रक्रिया से गुजारा जाएगा। कटाई-पॉलिश के बाद इसके स्वरूप और गुणवत्ता के आधार पर वास्तविक बाजार मूल्य का निर्धारण किया जाएगा।








