शराब माफिया का आतंक, ट्रक से थाना इंचार्ज को कुचला, अफसर ने मौके पर तोड़ा दम

Join Us

देवास,(आरएनएस)। मध्य प्रदेश के देवास जिले में शराब तस्करी की सूचना पर कार्रवाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। हरदा से गुजरात जा रहे संदिग्ध ट्रक का पीछा कर रही पुलिस टीम ट्रक को रोकने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान ट्रक चालक ने कथित रूप से वाहन चढ़ा दिया, जिसमें खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, देवास के एसपी आदित्य मिश्रा ने ट्रक को पकडऩे के लिए पांच से अधिक पुलिस टीमें बनाई थीं। इनमें कन्नौद, सतवास और खातेगांव के थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि अवैध शराब से भरा ट्रक हरदा की ओर से आ रहा है और इंदौर होते हुए गुजरात जाने वाला है। पुलिस टीमें ट्रक का पीछा कर रही थीं और आगे नाकाबंदी भी की गई थी।
इसी दौरान हरदा-नेमावर हाईवे पर ट्रक चालक पानी पीने के लिए रुका। खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी उसे पकडऩे के लिए मौके पर पहुंचे। उन्होंने चालक को ट्रक से नीचे उतरने के लिए कहा। इसी दौरान दोनों के बीच बहस होने लगी। बताया जा रहा है कि चालक ने ट्रक लेकर भागने की कोशिश की। इसी दौरान दिलीप पुरी नीचे गिर गए और ट्रक का पिछला पहिया उनके ऊपर से निकल गया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई। दिलीप पुरी 2007 बैच के उप निरीक्षक थे। इससे पहले वह हीरा नगर और चंदन नगर थाने में भी तैनात थे।
वहीं, पुलिस ने शराब से भरे ट्रक (एमपी 43 एच 4786) को जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया है। दबिश में शामिल अफसरों के मुताबिक शराब तस्करी में हरदा के राहुल जायसवाल का नाम सामने आया है और देवास के तस्कर भी नेटवर्क में शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही एसपी आदित्य मिश्रा सहित अन्य अफसर मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, दिलीप पुरी के परिजनों को जानकारी दे दी गई है।

Previous articleराजस्थान में दर्दनाक हादसा: हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से आठ मजदूरों की मौत, चार घायल
Next articleगिरफ्तारी के खिलाफ आजम खान ने खटखटाया सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा, तत्काल सुनवाई से इनकार