राजस्थान में दर्दनाक हादसा: हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से आठ मजदूरों की मौत, चार घायल

Join Us

झुंझुनूं (आरएनएस)। राजस्थान के झुंझुनूं जिले में सोमवार को सडक़ निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। उदयपुरवाटी थाना क्षेत्र के छपोली गांव के पास बजरी मिश्रण करने वाली मशीन के ऊपर से गुजर रही उच्च क्षमता वाली बिजली लाइन के संपर्क में आने से आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, घटना छपोली और कदमकुंड के बीच स्थित एक जंगली इलाके में हुई। यहां ग्रामीणों ने सडक़ निर्माण कार्य के लिए बजरी मिश्रण करने वाली मशीन मंगवाई थी। निर्माण कार्य के दौरान मशीन ऊपर से गुजर रही उच्च क्षमता वाली बिजली लाइन के संपर्क में आ गई। इससे मशीन में करंट फैल गया और वहां काम कर रहे मजदूर उसकी चपेट में आ गए।
उदयपुरवाटी के थाना प्रभारी रामपाल ने बताया कि मशीन के बिजली के तार से संपर्क में आते ही उसमें करंट दौड़ गया। इस दौरान आसपास काम कर रहे मजदूरों को बिजली का तेज झटका लगा, जिससे आठ लोगों की मौत हो गई और चार घायल हो गए।
झुंझुनूं के जिला कलेक्टर अरुण गर्ग ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना छपोली और कदमकुंड के बीच जंगल क्षेत्र में हुई है। दुर्घटना में घायल मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका उपचार किया जा रहा है। प्रशासन की ओर से घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।
राजस्थान के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हादसे पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सामाजिक माध्यम एक्स पर संदेश जारी कर मृतक मजदूरों के प्रति संवेदना प्रकट की। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को तत्काल हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि झुंझुनूं में करंट लगने से श्रमिकों की असामयिक मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पूरे मामले की जांच करने के भी निर्देश दिए हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन दुर्घटना के कारणों का पता लगाने और प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने में जुटा है।
००

Previous articleबिना इंजन के छह किलोमीटर तक दौड़े सात रेलवे कोच, पटरी से उतरने से बेंगलुरु-चेन्नई रेलमार्ग बाधित
Next articleशराब माफिया का आतंक, ट्रक से थाना इंचार्ज को कुचला, अफसर ने मौके पर तोड़ा दम