भोपाल (आरएनएस)। भोपाल में चल रही सीलिंग कार्रवाई के विरोध में कोलार व्यापारी महासंघ के आव्हान पर आज पूरा बाजार बंद रहा। यहां तक कि डी-मार्ट और शराब की दुकानें भी बंद रखी गई हैं। कोलार तिराहे से गोल जोड़ तक सभी प्रतिष्ठान बंद हैं। इमरजेंसी सेवाएं जैसे मेडिकल, पेट्रोल पंप को बंद से छूट दी गई है। व्यापारियों ने दोपहर में व्यापार की अर्थी सजाकर प्रदर्शन किया। महासंघ के अध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि सीलिंग की कार्रवाई गलत है। इससे व्यापारी सडक़ पर आ गए हैं। इसलिए आज प्रदर्शन किया जाएगा। व्यापारियों के इस विरोध के बाद बुधवार सुबह मंत्री कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवानदास सबनानी समेत कई जनप्रतिनिधि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिले। सूत्र बताते हैं कि मुलाकात में भोपाल के मास्टर प्लान, मिक्स लैंड यूज, भूमि विकास अधिनियम आदि को लेकर चर्चा की गई।
ऐसे में संभावना है कि मास्टर प्लान को लेकर प्रोसेस जल्द ही शुरू हो सकती है। इधर, नगर निगम तीसरे दिन भी प्रतिष्ठान सील करने की कार्रवाई करेगा। अब तक कुल 170 प्रतिष्ठान बंद कराए जा चुके हैं। हालांकि, इसे लेकर व्यापारी विरोध भी कर रहे हैं। व्यापारियों ने मंगलवार को करीब चार घंटे तक रोशनपुरा चौराहे पर प्रदर्शन किया था।दोपहर बाद भी कोलार का बाजार पूरी तरह बंद है। सीलिंग कार्रवाई के विरोध में व्यापारी दुकानों के शटर नहीं खोल रहे हैं। बाजार बंद रहने से मुख्य सडक़ों और व्यावसायिक क्षेत्रों में सन्नाटा पसरा है। व्यापारियों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध जारी रखते हुए कार्रवाई वापस लेने की मांग की है।026
कोलार में व्यापारियों ने व्यापार की अर्थी निकाली
व्यापारियों ने सीलिंग की कार्रवाई के विरोध में अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने प्रतीकात्मक रूप से व्यापार की अर्थी सजाई और उसे कंधा देकर विरोध दर्ज कराया। उनका कहना था कि निगम की कार्रवाई से दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
व्यापारियों ने प्रशासन से सीलिंग की कार्रवाई पर पुनर्विचार करने और प्रभावित दुकानदारों को राहत देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे और उन्होंने कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी भी की। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।








