मुख्यमंत्री डॉ. यादव राज्य स्तरीय समारोह में करेंगे ध्वजारोहण

Join Us

 लाल परेड मैदान में होगा राज्य स्तरीय समारोह
भोपाल (आरएनएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल में राज्य स्तरीय समारोह में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण करेंगे। वे समारोह में संयुक्त परेड की सलामी लेंगे। शनिवार, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय ढंग से मनाया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय समारोह लाल परेड मैदान में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ध्वजारोहण के बाद परेड का निरीक्षण करेंगे और प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन करेंगे। समारोह में पुलिस बैंड सहित कुल 22 टुकडिय़ां अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत करेंगी। परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी एवं एसडीओपी सिहोरा, जबलपुर आदित्य सिंघारिया करेंगे। सहायक परेड कमांडर की भूमिका नगर पुलिस अधीक्षक सिंगरौली हेमंत कुमार निभाएंगे। परेड में महाराष्ट्र पुलिस बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, सशस्त्र सीमा बल, सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, हॉक फोर्स, एसटीएफ, महिला पुलिस बल, विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, जेल विभाग, शासकीय रेल पुलिस, नगर सेना, एनसीसी, गाइड, स्काउट्स, शौर्य दल, पुलिस बैंड तथा अश्वरोही दल की टुकडिय़ां शामिल होंगी।
समारोह में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय सेवाओं के लिए चयनित अधिकारियों और कर्मचारियों को पदकों से अलंकृत किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव परेड कमांडर एवं प्लाटून कमांडरों को पुरस्कार भी प्रदान करेंगे। राज्यस्तरीय समारोह को सुव्यवस्थित और गरिमामय बनाने के लिए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग तथा नागरिकों के आवागमन सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

 

Previous articleसभी देशवासी, स्वतंत्र भारत की नियति के निर्माता बने’: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्म
Next articleफुकेत-दिल्ली एयर इंडिया उड़ान पर एयरबस की अंतरिम रिपोर्ट, कहा-4 सेकेंड के लिए नियंत्रण खोया