नईदिल्ली, (आरएनएस)। थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान के दौरान 4 अगस्त को जो भयानक हलचल मची थी, उस पर विमान निर्माता कंपनी एयरबस की अंतरिम रिपोर्ट सामने आ गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि घटना के दिन एआई-2379 उड़ान ने लगभग 4 सेकंड के लिए विमान का नियंत्रण खो गया था, जिसके कारण विमान की ऊंचाई अचानक लगभग 300 फीट कम हो गई थी।एयरबस ने डिजिटल फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (डीएफडीआर) के विश्लेषण के बाद खुलासा किया कि विमान के तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम में खराबी आई थी, जिससे विमान ने नियंत्रण खोया था।एयरबस ने प्रारंभिक जांच में यह भी बताया कि विमान की ऊंचाई घटने के दौरान उसे अगला भाग नीचे करने का निर्देश मिला था, जिसके कारण विमान नीचे की ओर झुक गया।
तकनीकी खामियों को स्वीकारते हुए, एयरबस ने एयर इंडिया को विमान का विस्तृत निरीक्षण करने का सुझाव दिया है।
फुकेत-दिल्ली एयर इंडिया उड़ान 4 अगस्त को रवाना होकर मंगलवार सुबह 11:15 बजे दिल्ली पहुंचना था।
यात्रा शुरू होने के 90 मिनट बाद अचानक विमान 300 फीट नीचे गिर गया, जिससे उसमें सवार 145 यात्रियों को तगड़े झटके लगे और इधर-उधर टकराने से 17 घायल हो गए।








