चंबा, (आरएनएस)। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में आज सुबह बड़ा सडक़ हादसा हो गया है। यहां के तीसा-बैरागढ़ मार्ग पर चालुज मोड़ के पास यात्रियों से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य यात्री घायल हुए हैं। मृतकों में बस के ड्राइवर और कंडक्टर भी शामिल हैं। वहीं, 11 घायलों में से 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, शर्मा ट्रेवल्स की ये बस सुबह 6:30 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 20 से 25 लोग सवार थे।
करीब 3 किलोमीटर सफर के बाद ही चालुज मोड़ के पास ड्राइवर बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस नीचे गिर गई और पलट गई।
खबर लगते ही स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और फंसे हुए लोगों को निकालना शुरू किया।
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि उन्हें दुर्घटना की सूचना मिली है।
उन्होंने कहा, 7 यात्रियों की मौत हो गई है जबकि 11 घायल हैं। हादसे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच करेगी। जांच के बाद ही हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी। घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।








