लखनऊ (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की राजनीतिक सरगर्मियों के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में दर्शन करने का ऐलान किया है। वह 12 दिसंबर को अपने परिवार के साथ अयोध्या जाएंगे और रामलला के साथ हनुमानगढ़ी में हनुमान जी के दर्शन करेंगे। जनवरी 2024 में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह उनका पहला अयोध्या दौरा होगा।सपा नेता और पूर्व मंत्री पवन पांडे ने अखिलेश यादव के प्रस्तावित दौरे की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अखिलेश के साथ उनकी पत्नी एवं सांसद डिंपल यादव, बेटा और बेटी भी अयोध्या जाएंगे। पवन पांडे के अनुसार, अखिलेश यादव अयोध्या में पूरा दिन बिताएंगे। इस दौरान वह राम मंदिर में रामलला के दर्शन करने के बाद हनुमानगढ़ी जाएंगे। यहां वह साधु-संतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लेंगे और उनके साथ प्रसाद भी ग्रहण करेंगे।गौरतलब है कि जनवरी 2024 में अयोध्या के राम मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा समारोह में अखिलेश यादव शामिल नहीं हुए थे। मंदिर समिति की ओर से उन्हें समारोह का निमंत्रण भेजा गया था, लेकिन उन्होंने इसमें हिस्सा नहीं लिया था। इसको लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने उनकी आलोचना की थी।
उस समय विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के प्रमुख आलोक कुमार ने अखिलेश यादव को निमंत्रण भेजे जाने का उल्लेख करते हुए कहा था, अखिलेश को निमंत्रण भेज दिया गया है, देखते हैं कि भगवान राम उन्हें बुलाते हैं या नहीं।
इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने कहा था कि वह आलोक कुमार को नहीं जानते हैं।
अब राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के करीब दो साल बाद अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे के ऐलान को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उनके इस दौरे पर राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी।








