सोनिया गांधी बोलीं-मोदी सरकार के कार्यकाल में देश के सामाजिक ताने-बाने को भारी नुकसान पहुंचा

Join Us

नई दिल्ली(आरएनएस)। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि पिछले 12 वर्षों में देश के लोकतंत्र, सामाजिक ताने-बाने और संवैधानिक संस्थाओं को गंभीर नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि देश के लोग अब इस नुकसान को महसूस करने लगे हैं और मौजूदा परिस्थितियों को लेकर उनकी बेचैनी बढ़ रही है।
सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव के विमोचन से पहले यह बात कही। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों के दौरान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संस्थाओं को काफी नुकसान हुआ है। मौजूदा सरकार के सत्ता से हटने के बाद भी इन व्यवस्थाओं को पहले की तरह बेहतर और मजबूत बनाने में समय लगेगा। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों को गंभीरता से प्रयास करने होंगे।
उन्होंने कहा, पिछले 12 वर्षों में हमारे देश के सामाजिक ताने-बाने, लोकतंत्र और संस्थाओं को भारी नुकसान पहुंचा है। इस सरकार के सत्ता से जाने के बाद भी हमारी व्यवस्थाओं को पहले की तरह फिर से बेहतर और मजबूत बनाने में समय लगेगा। इसके लिए राजनीतिक दलों को भी काफी प्रयास करने होंगे। लेकिन मैं आशावादी हूं और मुझे विश्वास है कि भारत के लोग सुशासन की वापसी का स्वागत करेंगे।
सोनिया गांधी ने वर्ष 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में लगाए गए आपातकाल को लेकर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान वास्तव में क्या परिस्थितियां थीं और हालात कितने गंभीर थे, इसकी जानकारी उन्हें बाद में मिली।
उन्होंने कहा, आपातकाल के बाद ही मुझे पता चला कि उस दौरान वास्तव में क्या हो रहा था और हालात कितने गंभीर थे। हां, लोकतांत्रिक अधिकारों पर रोक लगाई गई थी और बंदी प्रत्यक्षीकरण के अधिकार को भी निलंबित कर दिया गया था, लेकिन यह सब संवैधानिक तरीके से किया गया था। इंदिरा गांधी तेजी से बिगड़ती परिस्थितियों से निपटने की कोशिश कर रही थीं।
सोनिया गांधी के इस बयान को देश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और कांग्रेस की ओर से लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्थिति पर लगातार उठाए जा रहे सवालों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Previous articleउत्तर प्रदेश में महिलाओं के लिए 50,000 रुपये वित्तीय सहायता का ऐलान कर सकती है भाजपा
Next articleअखिलेश यादव सपरिवार अयोध्या के राम मंदिर जाएंगे, पहली बार करेंगे रामलला के दर्शन