संविधान बचेगा तभी आरक्षण बचेगा: अखिलेश यादव, सपा ने मनाया ‘आरक्षण दिवस’

Join Us

समाजवादी पार्टी ने रविवार को प्रदेश मुख्यालय लखनऊ सहित प्रदेश के सभी जिला कार्यालयों में ‘आरक्षण दिवस’ को ‘संविधान मान स्तंभ दिवस’ के रूप में मनाया। प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि संविधान और आरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं और संविधान सुरक्षित रहेगा तभी सामाजिक न्याय तथा आरक्षण की व्यवस्था भी सुरक्षित रहेगी।अखिलेश यादव ने कहा कि 26 जुलाई का दिन सामाजिक न्याय के इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले की संकल्पना को साकार करते हुए कोल्हापुर के राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज ने इसी दिन अपने राज्य में आरक्षण लागू किया था। यही वह ऐतिहासिक अवसर था जब सामाजिक न्याय की अवधारणा को व्यवहारिक रूप मिला, जिसे आगे चलकर डॉ. भीमराव आंबेडकर के प्रयासों से भारतीय संविधान में जनाधिकार के रूप में स्थान मिला।उन्होंने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश में समानता, सामाजिक न्याय और लोकतंत्र की सबसे बड़ी गारंटी है। संविधान ही गैर-बराबरी को समाप्त कर समता और समान अवसर सुनिश्चित करता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का ‘संविधान मान स्तंभ’ सामाजिक न्याय और पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) के अधिकारों के संरक्षण का प्रतीक है।अखिलेश यादव ने कहा कि विचारों की सार्थकता तभी है जब उन्हें व्यवहार में उतारा जाए और राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज ने आरक्षण लागू कर इसका ऐतिहासिक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।प्रदेश मुख्यालय के साथ ही लखनऊ महानगर कार्यालय कैसरबाग में भी ‘आरक्षण दिवस’ और ‘संविधान मान स्तंभ स्थापना दिवस’ के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. रमेश दीक्षित रहे, जबकि अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष फाखिर सिद्दीकी ने की। संचालन महानगर महासचिव गौरव सिंह यादव ने किया।कार्यक्रम को राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधान परिषद सदस्य डॉ. मधु गुप्ता, पूर्व महापौर प्रत्याशी वंदना मिश्रा, मीरा वर्धन, पूर्व महानगर अध्यक्ष मुकेश शुक्ला, प्रो. अंशू केडिया, अतहर हुसैन, प्रदीप शर्मा, कलीम-उर-रहमान सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय और आरक्षण के महत्व पर अपने विचार रखे।प्रो. रमेश दीक्षित ने संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए संवैधानिक मूल्यों का संरक्षण आवश्यक है। वहीं महानगर अध्यक्ष फाखिर सिद्दीकी ने आरक्षण दिवस और संविधान मान स्तंभ स्थापना दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि तथा सामाजिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।कार्यक्रम में प्रदेश, महानगर एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, पार्षदों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान संविधान और सामाजिक न्याय के मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प भी लिया गया।

Previous articleअमौसी एयरपोर्ट पर बम की झूठी सूचना से मचा हडक़ंप, शराब के नशे में डायल-112 पर कॉल करने वाला गिरफ्तार
Next articleमन की बात’ में ‘विदुर प्रेरणा स्वदेशी हर्बल टी’ का जिक्र, केशव मौर्य बोले- यह उत्तर प्रदेश की महिलाओं का गौरव