उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में बिजनौर की महिलाओं द्वारा तैयार ‘विदुर प्रेरणा स्वदेशी हर्बल टी’ का उल्लेख किया जाना उत्तर प्रदेश की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी लाखों महिलाओं के लिए गर्व, सम्मान और नई प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि ‘वोकल फॉर लोकल’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।केशव मौर्य ने कहा कि बिजनौर जिले के विकासखंड कोतवाली के ग्राम लखीवाला की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने स्थानीय संसाधनों और नवाचार के बल पर ‘विदुर प्रेरणा स्वदेशी हर्बल टी’ को एक सफल उत्पाद के रूप में स्थापित किया है। लेमनग्रास, गिलोय, मुलेठी, तुलसी, कच्ची हल्दी, दालचीनी, इलायची और सौंफ जैसी प्राकृतिक सामग्री से तैयार यह हर्बल चाय करीब एक लाख रुपये की छोटी शुरुआत से आगे बढक़र आज देश के प्रतिष्ठित संस्थानों तक पहुंच चुकी है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अपनी पहचान बना रही है।उन्होंने इस उपलब्धि के लिए स्वयं सहायता समूह से जुड़ी सभी महिलाओं और पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा इस पहल का उल्लेख किए जाने से प्रदेश की ग्रामीण महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के प्रयासों को नई गति मिलेगी।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं की मेहनत, गुणवत्ता, समर्पण और नवाचार ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण भारत की महिलाएं न केवल स्वरोजगार सृजित कर रही हैं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा दे रही हैं।उन्होंने बताया कि दिसंबर 2023 में जिला प्रशासन, बिजनौर द्वारा स्थापित ‘विदुर प्रेरणा स्वदेशी’ आज एक सफल सामुदायिक ब्रांड बन चुका है। इस ब्रांड के तहत वर्तमान में 160 से अधिक उत्पादों का उत्पादन और विपणन स्वयं सहायता समूहों द्वारा किया जा रहा है। ब्रांड का कारोबार 12 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है। इसके उत्पाद 100 से अधिक ‘विदुर प्रेरणा स्वदेशी’ आउटलेट्स और 64 से अधिक ‘विदुर प्रेरणा कैफे’ के माध्यम से उपलब्ध हैं। हर्बल टी का विपणन मुरादाबाद सहित अन्य जनपदों में भी किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि यह ब्रांड ग्रामीण महिलाओं को स्थायी बाजार उपलब्ध कराने के साथ उनके उत्पादों के प्रभावी विपणन का मजबूत माध्यम बना है। इसी पहल के परिणामस्वरूप बिजनौर में 30 हजार से अधिक ‘लखपति दीदी’ तैयार हुई हैं। उन्होंने बताया कि इस पूरी व्यवस्था में डिजिटल सप्लाई चेन और विपणन प्रणाली अपनाई गई है, जिसके माध्यम से वेब पोर्टल और मोबाइल एप से ऑर्डर प्रबंधन, उत्पाद ट्रेसबिलिटी, इन्वेंट्री और वितरण का संचालन किया जा रहा है।राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक अरुण कुमार ने बताया कि ‘विदुर प्रेरणा स्वदेशी हर्बल टी’ का प्रदर्शन प्रयागराज महाकुंभ, नई दिल्ली स्थित सुंदर नर्सरी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय फूड फेस्टिवल सहित कई राष्ट्रीय आयोजनों में किया जा चुका है। इन आयोजनों में अमेरिका, यूरोप समेत विभिन्न देशों से आए आगंतुकों और संभावित खरीदारों ने इस उत्पाद में विशेष रुचि दिखाई। उन्होंने बताया कि संबंधित स्वयं सहायता समूह नीति आयोग को भी उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप उत्पादों की सफलतापूर्वक आपूर्ति कर चुका है, जो इस ब्रांड की गुणवत्ता और बढ़ती विश्वसनीयता का प्रमाण है।








