बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ और चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय (सीबीएलयू), भिवानी के बीच शैक्षणिक सहयोग को मजबूत बनाने के उद्देश्य से वर्चुअल माध्यम से एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी के माध्यम से दोनों विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध, नवाचार, कौशल विकास और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन के क्षेत्र में मिलकर कार्य करेंगे।एमओयू हस्ताक्षर समारोह में बीबीएयू के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल तथा सीबीएलयू की कुलपति प्रो. दीप्ति धर्माणी मौजूद रहीं। समझौते पर बीबीएयू के कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार सिंह और सीबीएलयू की कुलसचिव प्रो. भावना शर्मा ने हस्ताक्षर किए।समझौते के तहत शैक्षिक मल्टीमीडिया अनुसंधान केंद्र (ईएमआरसी), लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (एलएमएस) और मैसिव ओपन ऑनलाइन कोर्सेज (एमओओसी) के माध्यम से ऑनलाइन व्याख्यानों और शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके अलावा कौशल विकास, उद्यमिता, नवाचार तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन में भी दोनों संस्थान सहयोग करेंगे।दोनों विश्वविद्यालय आपसी सहमति से शैक्षणिक संसाधनों का आदान-प्रदान करेंगे। विश्वविद्यालयों ने स्पष्ट किया कि इस सहयोग के कारण किसी भी संस्थान पर कोई अतिरिक्त वित्तीय दायित्व नहीं आएगा।
समारोह में बीबीएयू की ओर से प्रो. राम चंद्रा, प्रो. शिल्पी वर्मा, प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा, प्रो. सुभाष मिश्रा, प्रो. धीरेंद्र पांडेय और डॉ. सुदर्शन चक्रधारी उपस्थित रहे। वहीं सीबीएलयू की ओर से प्रो. दिनेश मदान, प्रो. संजीव, प्रो. सुरेंद्र कौशिक, प्रो. पवन गुप्ता, प्रो. ललिता गुप्ता, प्रो. सुरेश मलिक, प्रो. मयंक किंगर और प्रो. नितिन बंसल ने सहभागिता की।एमओयू के प्रभावी क्रियान्वयन और समन्वय की जिम्मेदारी प्रो. सुनीता भारतवाल और डॉ. अर्पित शैलेश को सौंपी गई है। दोनों समन्वयक इस साझेदारी के अंतर्गत विभिन्न शैक्षणिक और संस्थागत गतिविधियों के संचालन एवं समन्वय का कार्य करेंगे।








