पीजीआई थाना क्षेत्र के तेलीबाग स्थित न्यू बलदेव विहार कॉलोनी में किराये के मकान से एक युवक और युवती के शव फंदे से लटके मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।पुलिस के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 1:00 बजे न्यू बलदेव विहार कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहे युवक एवं युवती द्वारा फांसी लगाने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रथम तल के पीछे स्थित कमरे में अनिकेत उर्फ रानु कुमार (21 वर्ष), निवासी शाहजहांपुर तथा अंजलि (18 वर्ष), निवासी खोड़ा कॉलोनी, नोएडा के शव अलग-अलग कपड़े के फंदों से सीलिंग फैन पर लटके हुए पाए।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आपस में रिश्तेदार थे और उनके बीच प्रेम संबंध थे। पुलिस के मुताबिक दोनों विवाह करना चाहते थे, लेकिन परिजन इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।पुलिस ने दोनों शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। घटनास्थल से फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।








