24.95 लाख की साइबर ठगी का मास्टरमाइंड पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार, एसटीएफ ने फर्जी बैंक खातों के नेटवर्क का किया पर्दाफाश

Join Us

उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की साइबर क्राइम पुलिस ने करीब 24.95 लाख रुपये की डिजिटल ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह के एक अहम सदस्य को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जियाउर गाजी (40) के रूप में हुई है, जो साइबर ठगों को फर्जी बैंक खाते, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड उपलब्ध कराकर उनके नेटवर्क को संचालित करने में मदद करता था।

एसटीएफ के अनुसार, देहरादून निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उसका मोबाइल हैक कर ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर बदल दिए। इसके बाद उसकी कंपनी के बैंक खाते से 24.95 लाख रुपये अवैध रूप से दूसरे खातों में ट्रांसफर कर दिए गए।

शिकायत मिलने के बाद साइबर पुलिस ने बैंक खातों के लेनदेन, डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी इनपुट का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर एसटीएफ की टीम ने पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के हाबरा बाजार क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी जियाउर गाजी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह साइबर गिरोह के लिए फर्जी फर्मों के नाम पर बैंक खाते खुलवाता था और उनके लिए एटीएम कार्ड तथा सिम कार्ड की व्यवस्था करता था। उसने “गाजी इंटरप्राइजेज” के नाम से कई करंट अकाउंट खुलवाए थे, जिनका इस्तेमाल ठगी की रकम ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। बाद में वह चेक और एटीएम कार्ड के जरिए नकदी निकालकर गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचाता था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो डेबिट कार्ड, तीन मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए हैं। सभी सामान को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

एसटीएफ अब इस साइबर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों, उनके वित्तीय नेटवर्क और ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों की जांच में जुटी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल, ई-मेल या बैंक खाते से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत साइबर पुलिस को दें और अनजान लिंक, कॉल या संदेशों से सावधान रहें। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Previous articleनीट विवाद पर कांग्रेस का केंद्र पर हमला, छात्रों से माफी मांगें प्रधानमंत्री : केसी वेणुगोपाल
Next articleकारगिल विजय दिवस पर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि, शहीद परिवारों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश