मुख्यमंत्री ने इंदौर से आबू धाबी जाने वाले यात्रियों को दिए बोर्डिंग पास
भोपाल (आरएनएस)। मध्यप्रदेश ने अंतर्राष्ट्रीय विमानन और वैश्विक संस्कृतियों से सम्पर्क में एक नया इतिहास रच दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को प्रदेश की पहली अंतर्राष्ट्रीय डायरेक्ट हवाई सेवा इंदौर-आबू धाबी का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देवी अहिल्याबाई होल्कर इंटरनेशनल एयरपोर्ट इंदौर से मध्यप्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 से वित्त पोषित इस नियमित उड़ान को झंडी दिखाकर रवाना किया। अभी यह सेवा सप्ताह में 4 दिन (सोमवार, बुधवार, शुक्रवार एवं रविवार को) उपलब्ध रहेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस ऐतिहासिक अवसर पर कहा कि इंदौर से आबू धाबी की यह सीधी उड़ान केवल 2 शहरों को ही नहीं, 2 मित्र देशों, दो समृद्ध संस्कृतियों और अनंत संभावनाओं को जोडऩे वाला एक मजबूत सेतु है। उन्होंने कहा कि यह हवाई सेवा मध्यप्रदेश के विकास, व्यापार, पर्यटन और वैश्विक निवेश को नई गति प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पहले इंदौर से आबू धाबी जाने में करीब 8 घंटे लगते थे। अब सीधी हवाई सेवा ये दूरी केवल सवा तीन घंटे (3 घंटे 15 मिनट) में पूरी हो जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आबू धाबी जाने वाले यात्रियों को बोर्डिंग पास भी दिए। इस रूट का संचालन ‘टाटा समूह’ और ‘एयर इंडिया एक्सप्रेस’ द्वारा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार ने विमानन नीति 2025 लागू की है। इसके आधार पर आज इंदौर एयरपोर्ट से प्रदेश की पहली अंतर्राष्ट्रीय उड़ान (इंदौर से आबूधाबी) का शुभारंभ हमारे संकल्प की पूर्ति करेगा। राज्य सरकार ने मध्यप्रदेश के अलग-अलग शहरों के बीच हवाई सेवा और पीएमश्री हेली सर्विस की शुरुआत भी की है। इसके अंतर्गत रीवा से इंदौर, रीवा से दिल्ली और रीवा से रायपुर के लिए हवाई सेवा संचालित हो रही है, जो आगे भी जारी रहेंगी। इसी प्रकार निकट भविष्य में जबलपुर से कोलकाता, भोपाल से रीवा, भोपाल से पटना, रीवा से कोलकाता की उड़ानें शुरू करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के अंदर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पीएमश्री हेली सर्विस की शुरुआत की गई है। मध्यप्रदेश, देश का प्रथम राज्य है, जिसने सबसे पहले गरीब-जरूरतमंदों के लिए पीएमश्री एयर एंबुलेंस की सौगात दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय हवाई संपर्क स्थापित हों, इसके लिए राज्य सरकार इंदौर से इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू कर रही है। नई विमानन नीति के अंतर्गत इस अंतर्राष्ट्रीय उड़ान सेवा के लिए राज्य सरकार प्रति फ्लाइट लगभग 15 लाख रुपए वाइबिलिटी गैप फंडिंग (वीजीएफ) वहन करेगी।








