बैकुंठ चतुर्दशी पर महाकाल की भस्म आरती में हुआ हरि का पूजन, रात को निकली सवारी

Join Us

उज्जैन, (ए.)। बैकुंठ चतुर्दशी पर मध्य प्रदेश की धर्मनगरी उज्जैन में हरि और हर के मिलन की अनूठी परंपरा निभाई गई। सोमवार तडक़े विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में विशेष भस्म आरती हुई। इस दौरान भगवान महाकाल का राजा स्वरूप में आकर्षक श्रृंगार किया गया और भगवान श्रीहरि विष्णु का पूजन-अर्चन भी हुआ। बाबा महाकाल को तुलसी की और भगवान विष्णु को बिल्वपत्र की माला अर्पित की गई। सोमवार सुबह 4 बजे मंदिर के पट खुलने के साथ ही भस्म आरती की तैयारियां शुरू हुईं। पुजारी और पुरोहितों ने गर्भगृह में स्थापित देवी-देवताओं का पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक कर दूध, दही, घी, शहद, शक्कर और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया। मंत्रोच्चार के बीच भगवान को चंदन, भांग, वैष्णव तिलक और आभूषण अर्पित कर राजा स्वरूप में सजाया गया।

तुलसी और बिल्वपत्र की माला से हुआ पूजन

बैकुंठ चतुर्दशी के विशेष अवसर पर भस्म आरती में भगवान श्रीहरि विष्णु का भी पूजन किया गया। हरि और हर की एकात्मता के प्रतीक स्वरूप भगवान महाकाल को तुलसी की माला और भगवान विष्णु को बिल्वपत्र की माला अर्पित की गई। प्रथम घंटाल बजने के बाद पुजारियों ने मंत्रोच्चार के साथ भगवान का ध्यान किया और हरिओम जल अर्पित किया। कपूर आरती के बाद ज्योतिर्लिंग पर भांग, चंदन और त्रिपुंड लगाया गया। श्रृंगार के बाद ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढंककर महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भस्म अर्पित की गई।

इसके बाद भगवान महाकाल को शेषनाग का रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाल, रुद्राक्ष की माला और सुगंधित पुष्पों की मालाएं अर्पित की गईं। मोगरे और गुलाब के फूलों से बाबा का विशेष श्रृंगार किया गया। फल और मिष्ठान का भोग भी लगाया गया। भस्म आरती में शामिल श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान नंदी महाराज के दर्शन कर भक्तों ने उनके कान में अपनी मनोकामनाएं भी कहीं। मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंज उठा।

Previous articleप्रदेश के आधे हिस्से में बादलों का डेरा, 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
Next articleदिल्ली में थाने के भीतर पुलिस पर चाकूबाजी, 5 जवान लहूलुहान; टू-व्हीलर लूटकर भागा हमलावर