भोपाल (ए.)। मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल गया है। पूर्वी हिस्से में सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र और ट्रफ के असर से प्रदेश के करीब आधे हिस्से में बादल छाए रहे। जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के कुछ जिलों में बारिश भी हुई। मौसम केंद्र भोपाल के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान सतना, रीवा, मैहर, कटनी, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट में बारिश हो सकती है। वहीं, जबलपुर और सागर संभाग के अन्य जिलों में बादल छाए रहने की संभावना है। प्रदेश के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में भी एक चक्रवाती सिस्टम सक्रिय है, जिसका असर कुछ इलाकों में देखने को मिल सकता है।
प्रदेश में फिलहाल रात की तुलना में दिन के समय ठंड का असर अधिक महसूस हो रहा है। बादल छाए रहने और धूप कमजोर पडऩे से दिन के तापमान में गिरावट आई है, जबकि रात के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बीती रविवार रात शाजापुर जिले के गिरवर में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा। बैतूल में 11.7 और नौगांव में 13.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। नीमच जिले के मरुखेड़ा, खरगोन और नरसिंहपुर में 13.4 डिग्री, ग्वालियर में 13.5, रतलाम में 14.2, भोपाल में 14.6 और धार में 14.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
प्रदेश में तीन मौसम प्रणालियों का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश में फिलहाल तीन मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं। पूर्वी हिस्से में निम्न दबाव क्षेत्र और ट्रफ के प्रभाव से आंधी-बारिश का दौर चल रहा है। वहीं, दक्षिण-पश्चिम हिस्से में सक्रिय चक्रवाती सिस्टम भी मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके अलावा कश्मीर और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी होने से उत्तर दिशा से ठंडी हवाएं प्रदेश में पहुंच रही हैं। बादलों के कारण दिन में धूप कम निकल रही है, जिससे ठंड का अहसास बढ़ गया है। प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।








