मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड करौंदी में पारा 6.1 डिग्री तापमान पर पहुंचा, भोपाल में पांचवें दिन भी शीतलहर का अलर्ट

Join Us

भोपाल (आरएनएस)। मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड के बीच कटनी के करौंदी में न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि भोपाल में पांचवें दिन भी शीतलहर का अलर्ट है। आईएमडी के मुताबिक अगले पांच दिनों तक ठंड जारी रह सकती है और रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट होने की संभावना है। मध्यप्रदेश में उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के चलते ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। सीजन में पहली बार प्रदेश के किसी इलाके में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। कटनी जिले के करौंदी में सबसे कम 6.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में लगातार चार दिन से जारी शीतलहर के बीच शुक्रवार को पांचवें दिन भी अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले पांच दिनों तक ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है।
कटनी के करौंदी में रिकॉर्ड ठंड, भोपाल में 8.6 डिग्री पहुंचा पारा
मध्यप्रदेश में सबसे कम तापमान कटनी जिले के करौंदी में दर्ज किया गया। बीती रात यहां न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा दमोह में 6.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों में भी ठंड का असर देखने को मिला। शहडोल के कल्याणपुर और शाजापुर जिले के गिरवर में 8.3 डिग्री, रीवा में 8.4 डिग्री, भोपाल में 8.6 डिग्री और नौगांव में 9.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। जबलपुर और रीवा में भी न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री के आसपास रहा। प्रदेश में ठंड का असर व्यापक रूप से दिखाई दे रहा है। बीती रात मध्यप्रदेश के 32 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में लगातार चार दिनों से शीतलहर का असर जारी है। मौसम विभाग ने पांचवें दिन भी शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान सुबह और रात के समय ठंड अधिक महसूस होने की संभावना है।भोपाल में इस सीजन का सबसे कम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। यह तापमान 23-24 नवंबर की रात रिकॉर्ड हुआ था। इसके बाद अगली रात पारा 8.8 डिग्री तक पहुंचा और फिर गिरकर 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लगातार तीसरे साल नवंबर में पड़ रही तेज ठंड

भोपाल में लगातार तीसरे साल नवंबर महीने में कड़ाके की ठंड का असर देखने को मिल रहा है। इससे पहले 17 नवंबर 2025 को न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, 29 नवंबर की रात तापमान 8.2 डिग्री रहा था।इसके मुकाबले वर्ष 2018 से 2023 के बीच नवंबर महीने में भोपाल का न्यूनतम तापमान 10.2 से 13.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा था। इस बार तापमान में गिरावट के कारण ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है। सर्दी को देखते हुए भोपाल में स्कूलों की टाइमिंग भी बढ़ा दी गई है।

उत्तर भारत के मौसम का रूक्क में दिख रहा असर

जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में मौसम में आए बदलाव का असर मध्यप्रदेश में भी दिखाई दे रहा है। उत्तर दिशा से लगातार आ रही ठंडी हवाओं के कारण प्रदेश में बीते छह दिनों से तेज सर्दी पड़ रही है।मौसम केंद्र (ढ्ढरूष्ठ) के अनुसार अगले पांच दिनों तक ठंड का मौजूदा दौर जारी रह सकता है। रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट होने की संभावना है।

कई जिलों में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग ने भोपाल के अलावा दमोह, कटनी और शाजापुर में भी सर्द हवाएं चलने की संभावना जताई है। वहीं, डिंडौरी में शनिवार सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर करीब 15 मीटर रह गई।कोहरे और सर्द हवाओं के चलते सुबह के समय आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है। प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक ठंड और कोहरे का असर बने रहने की संभावना है।

Previous articleयूपी में सीट बंटवारे पर इमरान मसूद बोले-गठबंधन बरकरार, आगे बैठकर सुलझाएंगे मुद्दे
Next articleअच्छे पड़ोसी संबंधों