अच्छे पड़ोसी संबंधों

Join Us

एससीओ अब तक सुरक्षा पर बातचीत, और इन्फ्रास्ट्रक्चर से जुड़ाव जैसे मुद्दों पर चर्चा का मंच रहा है। भारत की पहल ने इसे सांस्कृतिक संवाद के जरिए एक-दूसरे को समझने का मंच भी बना दिया है।शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के तहत नई दिल्ली में आयोजित सभ्यता संवाद मंच का तीन दिन का सम्मेलन हर सभ्यता को समान आवाज मानते हुए और उन्हें समान इज्जत देने की घोषणा के साथ समाप्त हुआ। भारत सरकार ने इस आयोजन का पहला मेजबान बन कर एससीओ के तहत अपनी एक खास भूमिका बनाई है। 22 देशों के 116 प्रतिनिधियों की हिस्सेदारी के साथ हुए सम्मेलन ने संस्कृति को मित्रता एवं अच्छे पड़ोसी संबंधों का एक महत्त्वपूर्ण सेतु बनाने का इरादा जाहिर किया है। हालांकि इस दौरान मीडिया का ध्यान पाकिस्तान के मंत्री मुस्सादिक मलिक की भागीदारी और उनकी टिप्पणियों पर टिका रहा, लेकिन सभ्यता संवाद के दौरान इतिहास में गुजरते युगों के साथ बनती-बिगड़ती, लेकिन अपना दूरगामी प्रभाव छोड़ती गईं सभ्यताओं, और समकालीन संस्कृतियों के बीच संवाद एवं संपर्क की रही समृद्ध विरासत पर ज्ञानवर्धक चर्चा हुई। आधुनिक तकनीक के जरिए उस विरासत को पुनर्जीवित करने, यूनेस्को से संरक्षण दिलवाने और सभ्यता की निशानियों की तस्करी एवं प्राकृतिक आपदाओं से रक्षा करने के उपायों पर भी लाभदायक चर्चा हुई। एससीओ अब तक आतंकवाद जैसे खतरों का मुकाबला करने, सदस्य देशों की प्रादेशिक सुरक्षा सुनिश्चित करने, और इन्फ्रास्ट्रक्चर से जुड़ाव पर विचार-विमर्श का मंच रहा है। भारत की पहल ने अब इसे सांस्कृतिक संवाद एवं इसके जरिए एक-दूसरे को समझने का मंच भी बना दिया है। और यह विडंबना भी ध्यान खींचने वाली है कि इस पहल के साथ भारत इस मंच को चीन के बहुचर्चित वैश्विक सभ्यता पहल (जीसीआई) के साथ जोडऩे में सहायक बना है। विकास और सुरक्षा के मामलों में वैश्विक पहल के एलान के बाद चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने मार्च 2023 में जीसीआई की पेशकश की थी। इसके तहत सभी सभ्यताओं के बीच समानता, संवाद, एक-दूसरे से सीखने की जरूरत, और आपस में समावेशी नजरिया अपनाने की वकालत की गई है। एससीओ के संभ्यता संवाद मंच के जरिए भारत ने इस खुले दृष्टिकोण को अभिव्यक्ति दी है, जिसे सहज ही एससीओ से जुड़े तमाम देशों का समर्थन मिला। यही बात नई दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला से सर्व-सम्मति से जारी इंद्रप्रस्थ विज्ञप्ति में जाहिर हुई है।

Previous articleमध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड करौंदी में पारा 6.1 डिग्री तापमान पर पहुंचा, भोपाल में पांचवें दिन भी शीतलहर का अलर्ट
Next articleआज का राशिफल