इलाज कराने विदेश नहीं जा सकेंगे अभिषेक बनर्जी, कलकत्ता हाई कोर्ट ने खारिज की याचिका

Join Us

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को कलकत्ता हाई कोर्ट से झटका लगा है। अभिषेक ने अपनी आंख के ऑपरेशन के बाद विदेश में इलाज कराने के लिए यात्रा की अनुमति मांगी थी, जिसे कोर्ट ने बुधवार को खारिज कर दिया। न्यायमूर्ति सौगता भट्टाचार्य ने यह कहते हुए उनकी याचिका खारिज कर दी कि देश में भी आंखों का इलाज कराने की सुविधा मौजूद है।
अभिषेक ने नेत्र उपचार के लिए विदेश यात्रा की अनुमति मांगते हुए मंगलवार को हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी। उन्होंने एक सप्ताह तक बाहर रहने का अनुरोध किया था। बुधवार को न्यायमूर्ति भट्टाचार्य की अदालत में सुनवाई के दौरान अभिषेक के वकील ने कहा कि याचिका पर तत्काल विचार करने की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी बताया कि अभिषेक की आंखों की सर्जरी हो चुकी है और वे पहले भी इलाज के लिए विदेश जा चुके हैं।
अभिषेक की याचिका पर कोर्ट का फैसला ऐसे समय पर आया है, जब वह देश की तमाम जांच एजेंसियों की नजर में हैं। बंगाल विधानसभा में टीएमसी की भारी हार के बाद उनकी पार्टी में फूट पड़ गई है और सांसद-विधायक उनसे अलग हो रहे हैं। इस बीच, अभिषेक अपराध जांच विभाग (सीआईडी), प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की निगरानी में हैं। उन्हें कई मामलों में समय-समय पर पूछताछ के लिए पेश होना पड़ रहा है।

Previous articleदिल्ली में उद्योग भवन के पास लगी भीषण आग, मजदूरों के 200 अस्थायी घर जलकर खाक
Next articleनीरव मोदी को लंदन कोर्ट से झटका, बैंक ऑफ इंडिया को देने होंगे 100 करोड़ रुपये