दिल्ली में उद्योग भवन के पास मजदूरों की एक बस्ती में बुधवार तडक़े भीषण आग लग गई। इसमें करीब 200 अस्थायी घर जलकर खाक हो गए हैं। घटना तडक़े 3 बजे की है। आग लगने की सूचना पर अग्निशमन दल की करीब 20 गाडिय़ां मौके पर पहुंची थीं। उन्होंने 3 घंटे बाद आग पर काबू पाया है। यह पूरा इलाका सेना भवन के पास का बताया जाता है। आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं मिली है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेना भवन के पास निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को रहने के लिए जगह दी गई थी और अस्थीय टिन शेड बनाया गया था। यहां कमरों में खाना पकाने के लिए छोटे रसोई गैस सिलेंडर भी थे और बिजली का कनेक्शन भी दिया गया था। बताया जा रहा है कि बिजली की स्पार्किंग की वजह से शेड में आग लगी होगी, जिसने विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की जांच जारी है।
अग्निशमन दल के अधिकारियों के मुताबिक, जिस समय आग लगी, अधिकतर मजदूर अपने-अपने कमरों में सो रहे थे, जबकि कई लोग बाहर थे। आग लगने के बाद सभी सतर्क हो गए और बाहर निकल आए, जिससे किसी प्रकार की होई जनहानि नहीं हुई। यहां रहने वाले मजदूर बाहरी राज्यों के बताए जा रहे हैं। आग लगने से मजदूरों का सामान जलकर खाक हो गया है। बताया जा रहा है कि मजदूर सेंट्रल विस्टा परियोजना के निर्माण कार्य से जुड़े हैं।








