तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री से बेहद दुखद खबर सामने आई है। युवा अभिनेता भरत कांत और प्रसिद्ध सिनेमैटोग्राफर त्रिलोक की एक भीषण सडक़ हादसे में मौत हो गई। इस हादसे के बाद फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है और फैंस सोशल मीडिया पर दोनों कलाकारों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
पुलिस के अनुसार यह हादसा हैदराबाद आउटर रिंग रोड पर बेंगलुरु गेट के पास एग्जिट नंबर-12 के निकट हुआ। बताया जा रहा है कि भरत कांत और त्रिलोक कार से नेल्लोर से हैदराबाद लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आदिबटला पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।
31 वर्षीय भरत कांत तेलुगु सिनेमा के उभरते कलाकारों में गिने जाते थे। उन्होंने हाल ही में रिलीज फिल्म ‘टेनेंट’ में अपनी अभिनय क्षमता से दर्शकों का ध्यान खींचा था। इसके अलावा वह ‘ग्रामम’ फिल्म और ‘गीतांजलि’ व ‘पार्वती परमेश्वरलू’ जैसी वेब सीरीज में भी नजर आ चुके थे। वहीं त्रिलोक ने सिनेमैटोग्राफी के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उन्होंने कई फिल्मों में कैमरे के पीछे अपनी शानदार तकनीक और रचनात्मकता का परिचय दिया था। इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का कहना है कि एक ही हादसे में दो प्रतिभाशाली कलाकारों का चले जाना फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई। कई फिल्मी सितारों, निर्देशकों और प्रशंसकों ने दोनों के निधन पर गहरा दुख जताते हुए परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।








