गेट पर झूल रहा था 5 साल का मासूम, चंद सेकंड में हुआ ऐसा हादसा कि कांप जाएगी रूह

Join Us

नोएडा के गेझा गांव से एक ऐसा दर्दनाक और दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर किसी का भी कलेजा कांप जाएगा। यहां सुबह एक पांच साल के मासूम बच्चे की भारी-भरकम लोहे के गेट के नीचे दबने से दर्दनाक मौत हो गई। बच्चा खेल-खेल में गेट पर झूल रहा था, तभी वह भरभराकर उसके ऊपर गिर पड़ा। इस खौफनाक घटना का पूरा मंजर पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पड़ोस के जर्जर गेट पर खेल रहा था मासूम
जानकारी के मुताबिक, इस दर्दनाक हादसे का शिकार हुए पांच वर्षीय मासूम की पहचान नवदीप के रूप में हुई है। यह दिल दहला देने वाली घटना शनिवार सुबह करीब 9:20 बजे की है। रोजमर्रा की तरह नवदीप अपने घर के पास ही खेल रहा था। इसी दौरान वह पड़ोस में लगे लोहे के एक पुराने और जर्जर गेट पर चढक़र झूलने लगा। उसे इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि मौत उसके इतने करीब खड़ी है। खेलते समय अचानक वह भारी-भरकम लोहे का गेट टूट गया और सीधा मासूम के ऊपर आ गिरा।
भागने की कोशिश की, लेकिन काल बना लोहे का गेट
वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि जब गेट नीचे की तरफ गिरने लगा, तो मासूम को अनहोनी की आशंका हो गई थी। उसने खुद को बचाने के लिए तेजी से वहां से भागने की कोशिश भी की, लेकिन गेट इतना भारी था कि वह चंद सेकंड में ही उसकी चपेट में आ गया। भारी-भरकम गेट के नीचे दबने से नवदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर दौड़े और किसी तरह भारी गेट को हटाकर बच्चे को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मासूम मौके पर ही दम तोड़ चुका था। इस अचानक हुए हादसे के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा है और मासूम नवदीप के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Previous articleहिमाचल के चंबा में बड़ा हादसा, गहरी खाई में इनोवा कार गिरने से 6 पर्यटकों की मौत, कई घायल
Next articleफिल्म इंडस्ट्री को बड़ा झटका, सडक़ हादसे में 31 साल के मशहूर एक्टर की हुई मौत