गलती ब्राह्मणों की नहीं’ सीजेआई सूर्यकांत के नाम पर वायरल हुआ ये जातिवादी पोस्ट, भडक़ गए मुख्य न्यायाधीश

Join Us

भारत के मुख्य न्यायाधीश  सूर्यकांत ने सोशल मीडिया पर उनके नाम से फैलाए जा रहे एक फर्जी और जातिवादी बयान पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। मुख्य न्यायाधीश ने इस हरकत को बेहद नीच और शरारतपूर्ण बताते हुए असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने साफ किया है कि देश के सर्वोच्च न्यायिक पद पर बैठे व्यक्ति के नाम से ऐसा मनगढ़ंत बयान जोडऩा जानबूझकर समाज को भडक़ाने की एक घिनौनी साजिश है, और ऐसा करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एक्स पर वायरल किया गया था भ्रामक पोस्ट
यह पूरा विवाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ङ्ग) पर किए गए एक पोस्ट के बाद शुरू हुआ। ‘नामक एक अकाउंट से हिंदी में एक बयान पोस्ट किया गया था, जिसे मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत का बयान बताकर प्रचारित किया जा रहा था। इस फर्जी पोस्ट में लिखा गया था कि अगर कोई समाज अपने लोगों के बीच से आईएएस, आईपीएस, सीजेआई, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री पैदा करने के बाद भी खुद को शोषित ही मानता है, तो इसमें गलती ब्राह्मणों की नहीं बल्कि उसकी अपनी मानसिकता की है।
मुख्य न्यायाधीश ने बताया संवैधानिक मूल्यों का अपमान
इस भ्रामक पोस्ट के वायरल होने के बाद मुख्य न्यायाधीश ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इन दावों को पूरी तरह से निराधार और दुर्भावनापूर्ण करार दिया है। उन्होंने कहा कि देश के चीफ जस्टिस के नाम से एक काल्पनिक उद्धरण बनाना सरासर बेईमानी है और यह संवैधानिक मूल्यों का घोर अपमान है। उनका मानना है कि इस तरह का गैर-जिम्मेदाराना आचरण न्यायपालिका और कानून के शासन में आम जनता के विश्वास को कमजोर करने का काम करता है।
अफवाह फैलाने वालों पर गिरेगी कानूनी गाज
सीजेआई ने देश के सभी जिम्मेदार नागरिकों, मीडिया संगठनों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों से विशेष अपील की है कि वे इस तरह की झूठी और मनगढ़ंत सामग्री को बिल्कुल भी साझा या प्रचारित न करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह फर्जी टिप्पणी उनके विचारों और चरित्र से मेल नहीं खाती है। मुख्य न्यायाधीश के कार्यालय ने इस कृत्य को गंभीर मानहानि और न्यायिक पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला माना है। इसके साथ ही चेतावनी दी गई है कि जो लोग इस तरह की भ्रामक खबरें फैला रहे हैं, उन्हें अब कानून की पूरी ताकत का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए।

Previous articleकेंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भेरूंदा से पीएमजीएसवाई-आईवी का किया शुभारंभ, एमपी को दी हजारों करोड़ रुपए की बड़ी सौगात
Next articleहिमाचल के चंबा में बड़ा हादसा, गहरी खाई में इनोवा कार गिरने से 6 पर्यटकों की मौत, कई घायल