पुणे हवाई अड्डे पर वायुसेना के विमान की हार्ड लैंडिंग, 11 घंटे बंद रहा रनवे

Join Us

पुणे,(आरएनएस)। पुणे के हवाई अड्डे पर बीती रात भारतीय वायुसेना के एक विमान को हार्ड लैंडिंग करनी पड़ी है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात करीब 10:25 बजे वायुसेना के एक विमान के लैंडिंग गियर में खराबी आ गई थी। इसके चलते विमान को हार्ड लैंडिंग करनी पड़ी और वह रनवे पर ही फंस गया। इस वजह से करीब 11 घंटे तक हवाई अड्डे पर विमानों का संचालन प्रभावित रहा। रिपोर्ट के मुताबिक, हार्ड लैंडिंग के बाद विमान में आग लगने की छोटी दुर्घटना हुई, जिस पर तुरंत काबू पा लिया गया। चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। रनवे अवरुद्ध होने के कारण हवाई अड्डे पर परिचालन अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। अधिकारियों ने विमानों के लिए एक नोटिस जारी किया और कई आने वाली उड़ानों को गोवा, चेन्नई, सूरत, कोयंबटूर और नवी मुंबई की ओर डायवर्ट किया गया।
रनवे बंद होने के चलते हवाई अड्डे पर आज सुबह 7.30 बजे तक विमानों का संचालन बंद रहा। हवाई अड्डे के निदेशक के मुताबिक, इस दौरान 5 एयरलाइंस की 91 उड़ानें रद्द करनी पड़ी। इनमें इंडिगो की 65, एयर इंडिया की 6, स्पाइसजेट की 5, अकासा एयर की 5 और एयर इंडिया एक्सप्रेस की 10 उड़ानें शामिल थीं। भारतीय वायु सेना ने कहा कि रनवे को बहाल कर दिया गया है।

Previous articleकेंद्र सरकार ने सरकारी कर्मचारियों का डीए 2 प्रतिशत बढ़ाया
Next articleदेश के 12 राज्यों में अंधड़-बारिश का अलर्ट, पारा 40 डिग्री के पार