देश के 12 राज्यों में अंधड़-बारिश का अलर्ट, पारा 40 डिग्री के पार

Join Us

नईदिल्ली,(आरएनएस)। उत्तर और मध्य भारत में गर्मी भीषण होती जा रही है। कई जगह तापमान 40 से 45 डिग्री तक पहुंच गया है। इस बीच शुक्रवार को दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बारिश होने के कारण मौसम पलट गया। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को कई राज्यों में अंधड़ के साथ बारिश होने का अनुमान जताया है। दूसरी तरफ मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, तेलंगाना और महाराष्ट्र में 21 अप्रैल तक लू चलने अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में शुक्रवार सीजन का सबसे गर्म दिन रहा, जब पारा 41 डिग्री तक पहुंच गया। दोपहर बाद बादल छाने के साथ मौसम बदल गया और शाम को झमाझम बारिश से तापमान 7-10 डिग्री तक गिर गया। राजधानी में आज भी 40-50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने के साथ बूंदाबांदी होने के आसार हैं। अगले 2-3 दिनों में फिर तापमान बढ़ सकता है। इसके अलावा हरियाणा और पंजाब में भी मौसम बिगड़ सकता है।आईएमडी के अनुसार, राजस्थान में शनिवार को कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि अधिकांश इलाकों में तापमान 1-2 डिग्री बढ़ सकता है। पिछले 24 घंटे में बाड़मेर में सबसे अधिक 42.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसी प्रकार, उत्तर प्रदेश के पश्चिमी इलाके में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। अगले 3 दिनों में तापमान 2-3 डिग्री तक बढ़ सकता है। इन राज्यों की तरह बिहार में भी अंधड़-बारिश का अनुमान है।उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में 18-19 अप्रैल को कई जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसी प्रकार हिमाचल प्रदेश में 2 दिनों तक कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। पूर्वोत्तर के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघायल, मिजोरम, त्रिपुरा में अगले 5 दिनों तक हल्की से तेज बारिश होने की संभावना है।
००

Previous articleपुणे हवाई अड्डे पर वायुसेना के विमान की हार्ड लैंडिंग, 11 घंटे बंद रहा रनवे
Next articleमहिला-आरक्षण से जुड़ा बिल गिरने के बाद एनडीए आक्रामक, शुरू करेगा देशव्यापी आंदोलन