-पत्नि के जाने के कारण ठीक नहीं थी मानसिक हालत
भोपाल(ए)। राजधानी के छोला मंदिर थाना इलाके में निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रुप से झुलसे नरसिंहगढ़ के युवक की 8 दिन चले इलाज के बाद आखिरकार मौत हो गई। मृतक युवक ने ट्रैन पर चढक़र ऊपर से गुजर रही हाईटेशंन लाइन का टच कर दिया था। परिवार वालो का कहना है की पारिवारिक अनबन के चलते उसकी पत्नि बीते काफी समय से मायके में रह रही थी, इसे लेकर जारी डिप्रेशन के कारण उसकी मानसिक हालत भी ठीक नहीं रहती थी। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मूल रुप से नरसिंहगढ़ के रहने वाले मोहम्मद सलमान (31) की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी। पारिवारिक कारणो के चलते डेढ़ साल पहले उसकी पत्नी मायके जाकर रहने लगी थी। सलमान ने उसे कई बार समझाइश देकर वापस लाने के प्रयास किये लेकिन पत्नि वापस नहीं लौटी। परिवार वालो का कहना है, कि इसी कारण सलमान लगातार डिप्रेशन में चला गया और उसकी मानसिक हालत भी बिगड़ती जा रही थी। कुछ दिन पहले परिवार वाले उसे इलाज के लिए भोपाल लेकर आये थे।
सलमान यहॉ भानपुर इलाके में रहने वाली अपनी मौसी के घर रह रहा था। बताया गया है की बीती 13 जून को सलमान परिवार वालो को बिना बताए घर से निकला और पास ही स्थित निशातपुरा रेलवे स्टेशन जा पहुंचा। वहां ट्रेन पर चढ़ते समय उसने हाईटेंशन लाइन को छू लिया। करंट का तगडा झटका लगने से वह बुरी तरह झुलस गया था। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे फौरन ही इलाज के लिये अस्पताल पहुंचाया। बाद में सूचना मिलने पर परिवार वाले भी पहुंच गये थे। हास्पिटल मे उपचार के दौरान उसकी हालत लगातार नाजूक होती गई, आखिरकार शनिवार को उसकी मौत हो गई। हॉस्पिटल से मिली सूचना पर पहुचीं पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।








