करवा चौथ पर साथ खोला व्रत, कुछ देर बाद पति-पत्नी ने दी जान, पुलिस को नहीं मिला सुसाइड नोट

Join Us

भोपाल, (निप्र.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में करवा चौथ की रात एक दंपती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी ने घर पर अपने कमरे में फंदा लगा लिया, जबकि कुछ देर बाद पति का शव भी घर से करीब 100 मीटर दूर एक पेड़ पर लटका मिला। एक ही रात में हुई इस घटना से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।प्रारंभिक पुलिस जांच में पति-पत्नी के बीच नाराजगी और भावनात्मक तनाव की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।पुलिस के मुताबिक 22 वर्षीय शिवानी और 26 वर्षीय सूरज अहिरवार ने वर्ष 2021 में प्रेम विवाह किया था। दोनों भोपाल के बरखेड़ा बोंदर क्षेत्र में रहते थे। सूरज गांव में खेती-किसानी के साथ मजदूरी भी करता था। शादी के बाद दंपती की कोई संतान नहीं थी। परिजनों के अनुसार, इस बात को लेकर भी शिवानी परेशान रहती थी। परिजनों ने पुलिस को बताया कि शिवानी ने करवा चौथ पर पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखा था। रात में दोनों ने साथ बैठकर व्रत खोला और भोजन किया। इसके बाद करीब 11:30 बजे सूरज बिना कुछ बताए घर से बाहर चला गया। शिवानी चाहती थी कि इस विशेष दिन पति उसके साथ समय बिताए। उसके अचानक चले जाने से वह नाराज थी। रात करीब 2:30 बजे सूरज घर लौटा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज देने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं आया तो उसने परिजनों को इसकी जानकारी दी। बाद में परिवार के सदस्यों ने कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर शिवानी मृत मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शिवानी की मौत के बाद सूरज भी घर से कहीं चला गया। परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन रात में उसका पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे घर से लगभग 100 मीटर दूर उसका शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में शोक छा गया और पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि पत्नी की मौत के बाद सूरज बेहद दुखी था। घर से निकलते समय उसके द्वारा कथित तौर पर शिवानी नहीं तो मैं भी नहीं कहे जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इस कथन की परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है। दोनों की मौत के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस को कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। खजूरी थाना पुलिस ने दोनों मौतों के मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल की परिस्थितियों और पारिवारिक पृष्ठभूमि सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। खजूरी थाने के एसआई बनवारी लाल के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों ने बताया है कि करवा चौथ का व्रत खोलने के बाद सूरज के बिना बताए घर से चले जाने को लेकर शिवानी नाराज थी। शिवानी की मौत के बाद सूरज भी घर से चला गया था। फिलहाल दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौतों के वास्तविक कारणों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Previous articleसुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश, अनंत सिंह को सरेंडर करने का निर्देश, फिर काटनी होगी जेल की सजा
Next articleकरवा चौथ पर महिलाओं ने विधि-विधान से की पूजा-अर्चना