भोपाल (आरएनएस)। अमूल के बाद अब सांची ने भी ग्राहकों को झटका दिया है। सांची ने भी दूध के रेट बढ़ा दिए हैं। 1 लीटर दूध पर 2 रुपए, जबकि आधा लीटर पर एक रुपए की बढ़ोतरी की गई है। 7 मई से नए रेट लागू हो जाएंगे। यानी, कल से सांची दूध महंगा मिलेगा।भोपाल के अलावा इंदौर में भी सांची दूध महंगा हुआ है। वहीं, उज्जैन, ग्वालियर, सागर, बुंदेलखंड दुग्ध संघ भी रेट बढ़ा रहे हैं। भोपाल में पैक्ड दूध में सांची की सबसे ज्यादा खपत होती है। रोज साढ़े 3 लाख लीटर से अधिक दूध की खपत है। अमूल की खपत 70 हजार लीटर है। इसके बाद सौरभ, श्रीधी, मदर डेयरी के दूध भी पैकेट में बिकते हैं। सौरभ और श्रीधी की बात करें, तो इनकी करीब 1 लाख लीटर दूध की खपत शहर और भोपाल के ग्रामीण इलाकों में है। मदर डेयरी ब्रांड के दूध की ज्यादातर खपत शहर में ही होती है। सांची ने पिछले साल जुलाई में रेट बढ़ाए थे। करीब 10 महीने के बाद फिर से दूध के रेट में बढ़ोतरी की गई है। हालांकि, सांची डीटीएम 160 एमएल टोंड मिल्क एवं परिवार 200 मिमी पैक दूध के रेट में बढ़ोतरी नहीं की गई है।








