भोपाल(आरएनएस)। गोविंदपुरा इंडस्ट्रीयल एरिया में शनिवार को दोपहर में भीषण आग लग गई। इस घटना में केमिकल फैक्ट्री में आग लग गई। थोड़ी देर के लिए आग में कुछ लोग घिर गए थे, जिन्हें बचा लिया गया। बताया जा रहा है कि आग की लपटें आसपास की फैक्ट्रियों तक भी जा सकती थी। जिस फैक्ट्री में आग लगी उससे लगे कारों के शोरूम भी है।आग पर काबू पाने के लिए पूरे भोपाल की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंच गई है। जेके रोड स्थित टाटा और महिंद्रा शोरूम के पीछे यह केमिकल फैक्ट्री है। इसका नाम आनंद आर्गनाइज है। इसके मालिक प्रेम चावला है। यहां थिनर बनाया जाता था। इसके लिए 40 हजार लीटर केमिकल रखा हुआ था।सूचना मिलते ही गोविंदपुरा, पुल बोगदा, फतेहगढ़ से फायर फाइटर्स मौके पर पहुंचे। सीआईएसएफ की टीम भी पहुंची। एसडीईआरएफ की टीम भी पहुंच गई थी। 12 दमकलों की मदद से आग बुझाने की कोशिश शुरू की गई। 50 पानी के टैंकर भी बुलाए गए। इस दौरान कुछ कर्मचारी भी झुलस गए।केमिकल की वजह से भडक़ी आग के बाद धुआं ही धुआं फैल गया। 10 किमी दूर से धुआं दिखाई दे रहा था। आग लगने के बाद वहां भीड़ लग गई। ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बनी। पुलिस ने मौके से लोगों को हटाया। केमिकल से भडक़ी आग को पहले पानी से ही बुझाया जा रहा था। इससे वह लगातार भभक रही थी। बाद में फायर ब्रिगेड में पानी में फोम मिलाकर आग बुझाई।








