भोपाल,(आरएनएस)। मध्यप्रदेश विधानसभा का अगला बजट सत्र मार्च के पहल सप्ताह में शुरु हो सकता है। ऐसे में सत्र को लेकर अधिसूचना अगले माह के प्रथम सप्ताह में जारी की जा सकती है। इससे पहले भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोज होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हो सकते हैं। गौरतलब है कि केन्द्रीय बजट एक फरवरी को लोकसभा में पेश किया जाएगा, इसके बाद मध्यप्रदेश सरकार अपना बजट विधानसभा में पारित कराएगी। इसके लिए जहां वित्त विभाग ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है हालांकि इससे पहले विभाग 16वें वित्त आयोग की बैठक की तैयारी में जुटी हुई है। आयोग पांच ओर छह मार्च को भोपाल में दो दिवसीय बैठक लेगा। इसके बाद ही सरकार अपना बजट सदन में पेश करेगा यानि यह लगभग तय है कि 16वें वित्त आयोग की बैठक के उपरांत ही मध्यप्रदेश का बजट सत्र शुरु होगा। यदि ऐसा है तो बजट सत्र मार्च के दूसरे सप्ताह में प्रारम्भ हो सकता है, ऐसे में इस सत्र के लिए अधिसूचना फरवरी माह के पहले सप्ताह जारी हो सकती है। इसके बाद से ही विधायकों द्वारा ऑनलाइन और ऑफलाइन सवालों के साथ-साथ ध्यानाकर्षण प्रस्ताव और अन्य सूचनाओं के बारे में समय तय किया जाएगा। बताया गया है कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर से मुलाकात हुई थी जिसमें सीएम ने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की जानकारी देते हुए उसके बाद ही बजट सत्र शुरु करने का पक्ष रखा था।








