अभियान चलाकर नालियों, गलियों, सडक़ों की बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करें

Join Us

भोपाल (आरएनएस)। महापौर मालती राय ने निर्देशित किया है कि मुख्य मार्गों एवं बाजार में लगने वाले जाम से निजात पाने और सुगम यातायात एवं स्वच्छता के दृष्टिगत व्यापारी अपनी दुकान का सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें तथा सडक़ पर खड़े होने वाले फल, सब्जी, फुल्की, चाट आदि के ठेलों को व्यवस्थित करें। महापौर राय ने बैरागढ़ फायर बिग्रेड के सामने बंद पड़े फाउंटेन को चालू करने, शहीद हेमू कालानी खेल मैदान में अस्थाई पार्किंग की व्यवस्था करने, मुख्य मार्ग पर स्थित विद्युत ट्रांसफार्मरों को शिफ्ट कराने, सुलभ जनसुविधा केन्द्र के आसपास सफाई कराने, क्षतिग्रस्त चेम्बर पर ढक्कन लगाने, नाला-नालियों, सडक़ों, गलियों की बेहतर साफ-सफाई करने हेतु टीम बनाकर अभियान चलाने के निर्देश दिए। महापौर राय ने कार्य में लापरवाही बरतने वाले वार्ड क्रमांक 04 के दरोगा एवं सुपरवाइजर को बदलने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह चैहान, महापौर परिषद के सदस्य आर.के. सिंह बघेल, राजेश हिंगोरानी, पार्षद अशोक मारन सहित निगम के अन्य अधिकारी मौजूद थे।महापौर मालती राय ने सोमवार को संत हिरदाराम नगर के मुख्य मार्ग, बाजार सहित वार्ड क्रमांक 04 के विभिन्न क्षेत्रों में साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वच्छता संबंधी कार्यों एवं यातायात व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, अतिक्रमण आदि के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की साथ ही स्थानीय नागरिकों से चर्चा भी की। महापौर राय को स्थानीय नागरिकों ने अवगत कराया कि क्षेत्र में वाहनों की पार्किंग की बड़ी समस्या है साथ ही दुकानदारों द्वारा दुकान का सामान सडक़ पर रखने, सडक़ पर ठेले आदि खड़े होने के कारण हमेशा ट्राफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। महापौर राय ने शहीद हेमू कालानी खेल मैदान में अस्थाई पार्किंग व्यवस्था करने हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए साथ ही साथ ही खेल मैदान की सुरक्षा के दृष्टिगत वाहनों को व्यवस्थित ढंग से पार्क कराने हेतु भी निर्देशित किया।
महापौर राय ने सुगम यातायात व्यवस्था के दृष्टिगत सब्जी वाले ठेलों को सब्जी मार्केट में, फल वालों को सिविल अस्पताल के सामने व फुल्की, चाट आदि के विक्रेताओं को अन्यत्र शिफ्ट करने के निर्देश दिए। महापौर राय ने निर्मल टेक्सटाइल के सामने लगे विद्युत ट्रांसफार्मर को शिफ्ट करने की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। महापौर राय ने दुकानों के बाहर सडक़ पर पीली लाईन बनाने के साथ ही दुकानदारों को एनाउंसमेंट के माध्यम से हिदायत देने के निर्देश दिए जिससे कोई भी दुकानदार पीली लाईन के बाहर अपना सामान न रखें और नियमों का पालन न करने वाले दुकानदारों के विरूद्ध चालानी कार्यवाही करें।

Previous articleअगले माह जारी हो सकती है सत्र की अधिसूचना
Next articleपरिवार कल्याण सेवाओं में सहयोग के लिए आगे आ रहे गैर सरकारी संगठन