भोपाल, (आरएनएस)। कोलार के प्रवेश द्वार सर्वधर्म बी सेक्टर से लेकर दानिशकुंज तक का एरिया वार्ड 82 में आता है। इस वार्ड का नाम दाशिकुंज है। यहां मतदाताओं की संख्या करीब 24 हजार है। वार्ड में छोटी-बड़ी मिलाकर 30 से अधिक कालोनियां हैं। इस वार्ड की बदहाली को दूर करने के लिए प्रशासन करोड़ों रुपए खर्च कर चुका है, लेकिन वार्ड की समस्याओं का समाधान आज तक नहीं हुआ। पॉश कालोनियों की जज्रर सडकें, खुले में कचरे के ढेर, सडक़ों पर बहता सीवेज, वर्षा में जलभराव, बदहाल पार्क, बंद स्ट्रीट लाइटों की वजह से नागरिक आज भी परेशान हैं। सवधर्म बी सेक्टर में खुले में कचरे के ढेर, सर्वधर्म सी सेक्टर की जर्जर सडक़ें, शिरडीपुरम का बदहाल पार्क, बंजारी गांव की जर्जर टंकी, सागर प्रीमिम टावर के मेन रोड पर वर्षा के सीजन में ओवर फ्लो होता सीवेज, दानिशकुंज डीके दो में जलभराव की समस्याओं से आज भी नागरिक परेशान हैं।








