भोपाल (आरएनएस)। मध्यप्रदेश में पिछले कुछ दिनों से सत्ता और विपक्षी दल के बीच आरोप प्रत्यारोप लगाए जा रहे हैं। गत दिवस राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने सूबे के गृहमंत्री रहे नरोत्तम मिश्रा पर गंभीर आरोप लगा दिए। इसमें उन्होंने कहा कि नरोत्तम मिश्रा दतिया जिले के एक युवक हिमांशु भार्गव की हत्या करा सकते हैं। दिग्विजय सिंह ने फेसबुक पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें नरोत्तम मिश्रा के साथ सुरेन्द्र दुबे नामक युवक दिखाई दे रहा है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि नरोत्तम मिश्रा के साथ जो युवक दिखाई दे रहा है, उसका नाम सुरेन्द्र दुबे है, जो आदतन अपराधी है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि सुरेन्द्र दुबे को दतिया जिला सत्र न्यायालय ने पांच साल की सजा सुनाई थी ओर यह वही व्यक्ति है जिसने 20 साल पहले रघुवर दयाल को गोली मारी थी। दिग्विजय सिंह ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा कि हिमांशु भार्गव को शक है कि नरोत्तम मिश्रा ओर सुरेन्द्र दुबे मिलकर उसकी हत्या करा सकते हैं। इस संदर्भ में हिमांशु ने पहले सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी। दिग्विजय सिंह ने पुलिस अधीक्षक दतिया को टैग करते हुए इस मामले की तत्काल कार्रवाई करने की अपील की है। राज्यसभा सांसद ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अपील की है कि हिमंाशु भार्गव और उसके परिवार को तत्काल सुरक्षा प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि हिमांशु ने प्रेस कान्फ्रेंस के दोरान आरोप लगाया था कि दतिया पुलिस ने उनकी सहमति के बिना उनकी सीएम हेल्पलाइन की शिकायत वापस ले ली थी। इसके अगले दिन दतिया प्रशासन ने हिमांशु के घर की नापजोखा की, जो उनके परिवार को परेशान करने का एक प्रयास था।








