भोपाल (आरएनएस)। एमपी बोर्ड की 10वीं-12वीं की परीक्षा में करीब डेढ़ माह का समय शेष है। ऐसे में स्कूलों में कमजोर स्टूडेंट्स पर विशेष फोकस किया जा रहा है। हर स्कूल में वार्डन टीचर नियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक टीचर को पांच-पांच कमजोर स्टूडेंट्स की जिम्मेदारी दी गई है। स्कूलों में सैंपल पेपर से तैयारी कराई जा रही है। कई स्कूलों में रविवार और त्यौहार के दिन भी एक्स्ट्रा कक्षाएं लगाई जा रही हैं। सीएम राइज स्कूलों में कमजोर विद्यार्थियों को चयनित कर उनकी जिम्मेदारी शिक्षकों से अलग से दी गई है। वार्षिक परीक्षाओं से पूर्व 10वीं-12वीं की प्री-बोर्ड परीक्षाएं 16 जनवरी से होंगी। बोर्ड ने वेबसाइट पर अपलोड किया प्रश्नों का पैटर्न : बोर्ड ने प्रश्नों का पैटर्न वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है कक्षा दसवीं में हर विषय का पेपर 75 अंक का और आंतरिक मूल्यांकन 25 अंक का होगा। 12वीं की परीक्षा में नॉन प्रैक्टिकल विषय 80 और आंतरिक मूल्यांकन 20 अंक का होगा। वहीं, प्रायोगिक विषयों का पेपर 70 अंक का होगा और 30 अंक का प्रैक्टिकल होगा। इस बार दोनों कक्षाओं के दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों के बदले दो अंकों वाले लघु उत्तरीय प्रश्नों की संख्या ज्यादा होगी। वस्तुनिष्ठ प्रश्न 30 अंक के होंगे।








