निगम ने की विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्यवाही, नागरिकों ने ली राहत की सांस

Join Us

भोपाल (आरएनएस)। नगर निगम द्वारा सडक़ों, फुटपाथों, कॉरीडोर व सार्वजनिक स्थलों आदि पर किए गए अतिक्रमणों को हटाने की कार्यवाही निरंतर की जा रही है। इसी तारतम्य में निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते के दलों ने संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए मध्य विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्र. 48, 50 एवं 51 के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों से बड़ी संख्या में अतिक्रमणों को हटाया और 15 ट्रक विभिन्न प्रकार का सामान जप्त किया। अतिक्रमण हटाए जाने से नागरिकों को आवागमन में सुगमता प्राप्त हुई और उन्होंने राहत की सांस ली।
निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन के निर्देशों के परिपालन में नगर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते के दलों ने गुरूवार को संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए मध्य विधानसभा के अंतर्गत जोन क्र. 06 के वार्ड क्र. 51 के त्रिलंगा क्षेत्र से प्रारंभ करते हुए अन्य क्षेत्रों में अवैध रूप से बने शेड हटाए तथा दुकानों के बाहर रखा सामान जप्त किया। निगम अमले ने ट्रॉफिक पुलिस के सहयोग से सडक़ों पर खड़े वाहनों को भी जप्त किया। निगम अमले ने ओरामाल, ग्रीन सिटी कालोनी आदि में कार्यवाही करते हुए कालोनी के सामने पार्किंग पर बनाए गए अवैध शेड हटवाए और कुर्सी, टेबिल सहित अन्य प्रकार का सामान जप्त किया। निगम अमले ने वार्ड क्र. 50 के अंतर्गत नहर पर अवैध रूप से किए गए कब्जों को हटाते हुए 05 ठेले, 01 गुमठी एवं शेड जप्त करने की कार्यवाही की। निगम अमले ने वार्ड क्र. 48 के अंतर्गत बंसल हॉस्पिटल के आसपास से 05 अवैध गुमठियां हटाई। निगम अमले ने उपरोक्त कार्यवाही में 15 ट्रक विभिन्न प्रकार का सामान जप्त किया। निगम अमले ने अतिक्रमणकारियों को पुन: अतिक्रमण न करने की समझाइश दी साथ ही चेतावनी भी दी कि यदि पुन: अतिक्रमण पाया गया तो संबंधितों के विरूद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।

Previous articleसीएम राइज सहित अन्य स्कूलों में कमजोर बच्चों के लिए लगाई जा रही अतिरिक्त कक्षाएं
Next articleखाद्य विभाग की गैस एजेंसी और खाद्य प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कार्यवाही