मध्य प्रदेश में सर्दी का असर और तेज, करौंदी में पारा 5.2 डिग्री, शीतलहर का अलर्ट

Join Us

भोपाल, (आरएनएन)। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के बाद मध्य प्रदेश में ठंड का असर और तेज हो गया है। कटनी जिले के करौंदी में न्यूनतम तापमान गिरकर 5.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। मौसम विभाग ने रविवार को दमोह, कटनी, उमरिया और शहडोल में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। सोमवार को भी दमोह और कटनी में सर्द हवाओं का असर बना रह सकता है।मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले दो दिनों तक शीतलहर का असर रहने की संभावना है। सोमवार को दमोह और कटनी में इसका प्रभाव रहेगा। बढ़ती ठंड को देखते हुए स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने भी एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान देने और जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को विशेष सतर्कता रखने की सलाह दी गई है
प्रदेश के 35 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। इनमें 11 शहर ऐसे रहे, जहां रात का पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया। कटनी के करौंदी में सबसे कम 5.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। इसके बाद दमोह में 6 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर में 6.2 डिग्री और अमरकंटक में 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रीवा में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री, जबलपुर में 8.6 डिग्री, खजुराहो और उमरिया में 9.4 डिग्री, मलाजखंड में 9.5 डिग्री, नौगांव में 9.6 डिग्री और मंडला में 9.7 डिग्री सेल्सियस रहा।इसके अलावा सीधी, ग्वालियर, दतिया, नरसिंहपुर, श्योपुर, रायसेन, सतना, भोपाल, टीकमगढ़, गुना, छिंदवाड़ा, इंदौर, शिवपुरी, बैतूल, सिवनी, खरगोन, खंडवा, धार, पचमढ़ी, उज्जैन, राजगढ़, रतलाम और सागर में भी न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।राजधानी भोपाल में बीती शनिवार रात न्यूनतम तापमान बढक़र 10.8 डिग्री सेल्सियस हो गया। इससे एक रात पहले यह 8.6 डिग्री था। इस तरह तापमान में 2.2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, इस सीजन में भोपाल का सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री रहा, जो 23-24 नवंबर की रात रिकॉर्ड किया गया था।
मौसम विभाग के मुताबिक, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाओं का असर मध्य प्रदेश में दिखाई दे रहा है। अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आने का अनुमान है। तापमान में और कमी आने पर प्रदेश के अधिकांश शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे जा सकता है। सुबह के समय धुंध छाए रहने और दिन में ठंडी हवाएं चलने की संभावना है।

Previous articleकर्मचारी भविष्य निधि संगठन के मंडप को व्यापार मेले में कांस्य पदक
Next article‘विधेयक का समर्थन करने के अलावा कोई विकल्प नहीं’, इंडिया ब्लॉक के नेताओं से बातचीत के बाद स्टालिन का बयान