कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के मंडप को व्यापार मेले में कांस्य पदक

Join Us

नई दिल्ली (आरएनएन)। नई दिल्ली के भारत मंडपम में 13 से 27 नवंबर 2026 तक आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के मंडप को जनसंचार, जनसंपर्क और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कांस्य पदक से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (आईटीपीओ) के अध्यक्ष जावेद अशरफ ने प्रदान किया। इसे ईपीएफओ के अतिरिक्त केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त (मुख्यालय) और संगठन की टीम ने ग्रहण किया।
ईपीएफओ का मंडप मेले के भूतल पर स्थित कक्ष संख्या-4 के स्टॉल 8ए में लगाया गया था। इसका उद्घाटन 15 नवंबर 2026 को केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने किया था।
मंडप में पेंशनभोगियों, सदस्यों और इलेक्ट्रॉनिक सेवाओं के लिए अलग-अलग सहायता काउंटर बनाए गए थे। इनके माध्यम से आगंतुकों को ईपीएफओ की सेवाओं की सीधी जानकारी और सहायता उपलब्ध कराई गई। लोगों को आकर्षित करने के लिए कठपुतली कार्यक्रम और सजीव गायन की प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। बच्चों के लिए विशेष क्षेत्र बनाया गया था, जहां सांप-सीढ़ी का खेल और भाग्यशाली कूपन के माध्यम से पुरस्कार जीतने की व्यवस्था की गई थी।
ईपीएफओ के इस मंडप में लगभग 32 हजार लोगों ने पहुंचकर संगठन की सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान भविष्य निधि सदस्यों की समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए विशेष जनसंपर्क अभियान भी चलाया गया। अधिकांश शिकायतों का निपटारा मौके पर ही कर दिया गया।
इसके अलावा लगभग 670 ऐसी शिकायतें दर्ज की गईं, जिनके समाधान के लिए कार्यालय के स्तर पर आगे की प्रक्रिया आवश्यक थी। इन शिकायतों को संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों को भेजा गया, जहां उनका निपटारा किया गया या प्रक्रिया जारी है।

Previous articleसैन्य नेतृत्व में नवाचार और स्वदेशी तकनीक पर दें जोर : राजनाथ सिंह
Next articleमध्य प्रदेश में सर्दी का असर और तेज, करौंदी में पारा 5.2 डिग्री, शीतलहर का अलर्ट