खडक़वासला (महाराष्ट्र) (आरएनएन)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि तेजी से बदलते वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य में राष्ट्रीय सुरक्षा की चुनौतियों से निपटने के लिए स्वदेशी समाधान विकसित करना और नवाचार की संस्कृति को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने भविष्य के सैन्य नेतृत्वकर्ताओं से निरंतर सीखने, तकनीकी बदलावों के अनुरूप स्वयं को तैयार करने और देश की सैन्य क्षमताओं को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
रक्षा मंत्री ने रविवार को महाराष्ट्र के खडक़वासला स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में 151वें पाठ्यक्रम के शरदकालीन सत्र-2026 की पासिंग आउट परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कठिन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले कैडेटों को बधाई दी और उनसे स्वतंत्रता सेनानियों तथा सशस्त्र बलों के जवानों की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वीरों के बलिदान और शौर्य ने देश की स्वतंत्रता सुनिश्चित की है और आज भी सशस्त्र बल देश की संप्रभुता की रक्षा कर रहे हैं।अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने कहा कि दुनिया बड़े भू-राजनीतिक बदलावों और तकनीकी प्रगति के दौर से गुजर रही है। इन बदलावों ने युद्ध के स्वरूप को पूरी तरह बदल दिया है। अब संघर्ष केवल थल, जल और वायु तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि साइबर और अंतरिक्ष जैसे नए क्षेत्रों तक फैल चुके हैं। युद्ध में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका भी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में प्रशिक्षण के तरीकों में हो रहे बदलावों के अनुरूप कैडेटों में निरंतर सीखने की भावना बनी रहनी चाहिए, क्योंकि आज प्रासंगिक तकनीकें कल पुरानी या अप्रासंगिक हो सकती हैं।
उन्होंने भारत में हो रहे जनसांख्यिकीय बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश को ऐसे भविष्य के लिए तैयार रहना होगा, जहां तकनीकी क्षमताएं और मशीनी शक्ति मानव संसाधन की पूरक बनकर अधिक प्रभावी भूमिका निभाएंगी। युवाओं को अपनी बौद्धिक क्षमता और मानव संसाधन का सामंजस्यपूर्ण उपयोग करते हुए भारत की क्षमताओं को मजबूत बनाने तथा देश को वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनाने की दिशा में काम करना चाहिए।
विश्वास और सामूहिक प्रयास सैन्य नेतृत्व का आधार
रक्षा मंत्री ने सैन्य नेतृत्व में विश्वास और सामूहिक प्रयास के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि सैनिक अपने वरिष्ठ अधिकारी का अनुसरण केवल उसके पद या अधिकार के कारण नहीं करते, बल्कि इसलिए करते हैं क्योंकि वह उनका विश्वास जीतता है और सम्मान अर्जित करता है। उन्होंने कैडेटों से अपने साथी सैनिकों को परिवार का हिस्सा मानने, कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने तथा चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में साहस और संयम के साथ अपनी टीम का नेतृत्व करने को कहा।
उन्होंने कहा कि सैन्य जीवन में शारीरिक क्षमता और साहस के साथ मानसिक दृढ़ता, धैर्य तथा आत्मविश्वास भी उतने ही आवश्यक हैं। एक सफल सैन्य नेतृत्वकर्ता वही है, जो कठिन परिस्थितियों में भी संतुलन बनाए रखते हुए अपनी टीम को आगे बढऩे की प्रेरणा दे।
परिवारों और प्रशिक्षकों के योगदान की सराहना
राजनाथ सिंह ने भविष्य के सैन्य नेतृत्वकर्ताओं को तैयार करने में योगदान के लिए कैडेटों के परिवारों और प्रशिक्षकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जब युवा कम उम्र में ही देश की सेवा के लिए अपना घर छोड़ते हैं, तो उनके परिवारों को भी अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। कैडेटों को अपने परिवारों के विश्वास और त्याग का सम्मान करना चाहिए तथा अपने माता-पिता, गुरुओं और देश का नाम रोशन करना चाहिए।
मित्र देशों के कैडेटों को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय कैडेटों के साथ उनका प्रशिक्षण दोनों देशों के बीच मजबूत रक्षा संबंधों और मित्रता का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये कैडेट राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में सीखे गए मूल्यों, आपसी भाईचारे और परस्पर सम्मान की भावना को अपने साथ लेकर जाएंगे तथा सद्भावना और शांति के दूत के रूप में अपनी भूमिका निभाएंगे।
369 कैडेटों ने पूरा किया प्रशिक्षण
परेड में कुल 1,250 कैडेटों ने हिस्सा लिया, जिनमें पासिंग आउट पाठ्यक्रम के 369 कैडेट शामिल थे। कैडेटों ने पूरे अनुशासन, लय और तालमेल के साथ ‘अंतिम पग’ पार किया, जो उनके प्रशिक्षण के अगले चरण में प्रवेश का प्रतीक है। परेड का संचालन एडजुटेंट लेफ्टिनेंट कर्नल अविनाश पांडे ने अपने घोड़े ‘रिलायंट रॉबिन’ पर सवार होकर किया। परेड की कमान किलो स्क्वाड्रन के अकादमी कैडेट कैप्टन सार्थकराज सागर पाटिल ने संभाली।
समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को सम्मानित किया गया। समग्र योग्यता सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बटालियन कैडेट कैप्टन अंकित कुमार सिंह को ‘राष्ट्रपति स्वर्ण पदक’ प्रदान किया गया। दूसरे स्थान पर रहे अकादमी कैडेट कैप्टन सार्थकराज सागर पाटिल को ‘राष्ट्रपति रजत पदक’ तथा तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले अकादमी कैडेट एडजुटेंट ऋषि को ‘राष्ट्रपति कांस्य पदक’ से सम्मानित किया गया।
समारोह का समापन सुखोई-30 लड़ाकू विमानों के शानदार हवाई प्रदर्शन के साथ हुआ। इस अवसर पर कैडेटों के अभिभावक, गणमान्य व्यक्ति, स्कूली बच्चे, आम नागरिक तथा सेवारत और सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के कमांडेंट वाइस एडमिरल अनिल जग्गी सहित कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी समारोह में मौजूद थे।
स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद कैडेट राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व छात्र के रूप में अपनी-अपनी सेनाओं और सैन्य अधिकारी बनने से पहले के प्रशिक्षण संस्थानों में आगे का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। इसके बाद वे इस प्रतिष्ठित संस्थान की उत्कृष्टता, समावेशिता और राष्ट्रसेवा की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाएंगे।
‘स्मृति स्थल’ पर रक्षा मंत्री ने दी श्रद्धांजलि
पासिंग आउट परेड से पहले रक्षा मंत्री ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पवित्र स्मारक ‘हट ऑफ रिमेंब्रेंस’ पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस स्मारक का निर्माण अकादमी के 10वें से 17वें पाठ्यक्रम के कैडेटों ने श्रमदान से किया था। यह द्वितीय विश्व युद्ध और स्वतंत्रता के बाद जम्मू-कश्मीर में हुए सैन्य अभियानों के दौरान भारतीय सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान की स्मृति में बनाया गया था।
बाद में यह स्मारक उन पूर्व एनडीए अधिकारियों की स्मृति को समर्पित जीवंत स्थल बन गया, जिन्होंने राष्ट्रसेवा में अपने प्राण न्योछावर किए। यहां उन कैडेटों की स्मृतियां भी संजोई गई हैं, जिनका प्रशिक्षण के दौरान दुर्भाग्यवश निधन हो गया था।
००








