सीहोर कलेक्टर की जांच रिपोर्ट में वन भूमि पर कब्जे का दावा, 78,700 सागौन के पौधे नष्ट होने का उल्लेख

Join Us

 कोसमी बीट में 31.48 हेक्टेयर वन क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई; रिपोर्ट में सैटेलाइट तस्वीरों और दस्तावेजों का हवाला
सीहोर (निप्र)। बुधनी क्षेत्र के कोसमी गांव में वन भूमि से अतिक्रमण हटाने और आदिवासी परिवारों के मकान तोड़े जाने का मामला लगातार चर्चा में है। इस बीच सीहोर कलेक्टर की ओर से शासन को भेजी गई जांच रिपोर्ट में वन भूमि पर अवैध कब्जे और बड़े पैमाने पर सागौन के पौधे नष्ट किए जाने का उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, वन विकास निगम की जमीन पर अतिक्रमण कर अस्थायी झोपडिय़ां बनाई गई थीं और खेती के लिए भूमि का इस्तेमाल किया जा रहा था। जांच रिपोर्ट के मुताबिक, भैरूंदा तहसील के लाडक़ुई वन परिक्षेत्र की कोसमी बीट स्थित रिजर्व फॉरेस्ट के कंपार्टमेंट क्रमांक 426 में वन विकास निगम की 31.48 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। बताया गया है कि वर्ष 2020 में सामान्य वनमंडल की 186.960 हेक्टेयर वन भूमि वन विकास निगम के सीहोर परियोजना मंडल को हस्तांतरित की गई थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि निगम ने वर्ष 2021 में इस क्षेत्र के करीब 135 हेक्टेयर हिस्से में 3 लाख 37 हजार 500 सागौन के पौधे लगाए थे। जांच में दावा किया गया है कि अतिक्रमण के दौरान इनमें से 78,700 पौधे नष्ट कर दिए गए और करीब 31.48 हेक्टेयर क्षेत्र पर कब्जा कर लिया गया। रिपोर्ट में गूगल अर्थ की टाइमलाइन तस्वीरों का हवाला देते हुए बताया गया है कि वर्ष 2021 तक संबंधित वन क्षेत्र खाली दिखाई देता था। इसके बाद वर्ष 2022 से वहां झोपडिय़ां बनने और जमीन पर कब्जे की गतिविधियां नजर आने का दावा किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, सुनील पिता शैतान सहित अन्य लोगों ने कथित तौर पर वृक्षारोपण क्षेत्र में झोपडिय़ां बनाकर खेती शुरू की थी। जांच रिपोर्ट में राजस्व अधिकारियों के अभिलेखों के आधार पर यह भी उल्लेख किया गया है कि कार्रवाई के दौरान बेदखल किए गए नौ अतिक्रमणकारियों के मूल गांव सिंहपुर और हबीबनगर में पहले से पक्के मकान होने की जानकारी सामने आई। रिपोर्ट में उनके मकान नंबर और मतदाता पहचान पत्र संबंधी रिकॉर्ड का भी उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, 11 अक्टूबर को अतिक्रमण हटाने के दौरान नौ अस्थायी झोपडिय़ां हटाई गईं। इसके अलावा, वहां मौजूद एक कथित अवैध कुएं को मिट्टी और मुरम से भरने की कार्रवाई भी की गई। पूरी कार्रवाई की ड्रोन से वीडियोग्राफी कराए जाने की बात रिपोर्ट में कही गई है। वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर विवाद भी बना हुआ है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, कार्रवाई के विरोध में वन विकास निगम के डिपो के बाहर तीन दिनों से धरना-प्रदर्शन चल रहा है। मामले में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी प्रभावित आदिवासी परिवारों के पक्ष में चिंता जताई थी, जिसके बाद यह मुद्दा राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर चर्चा में आया।

Previous articleवैशाली में गंगा नदी में नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत, प्रधानमंत्री ने दो-दो लाख रुपये की सहायता घोषित की
Next articleदिवाली और छठ पर बिहार जाने वालों को मिलेगी वंदे भारत की सौगात, 16 अक्टूबर से दिल्ली-पटना के बीच चलेगी विशेष ट्रेन