नई दिल्ली (आरएनएस)। दिवाली और छठ पर्व पर बिहार जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए भारतीय रेलवे नई दिल्ली और पटना के बीच विशेष वंदे भारत रेलगाड़ी चलाने जा रहा है। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यह निर्णय लिया है। उत्तर रेलवे के संचालन में चलने वाली यह विशेष रेलगाड़ी 16 अक्टूबर से शुरू होगी। इससे दिल्ली और बिहार के बीच यात्रा करने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
रेलवे के अनुसार, नई दिल्ली-पटना वंदे भारत महोत्सव विशेष रेलगाड़ी का गाड़ी संख्या 02252 और 02251 निर्धारित किया गया है। यह रेलगाड़ी लगभग 998 किलोमीटर की दूरी करीब 13 घंटे में तय करेगी। इसमें वातानुकूलित कुर्सीयान और वातानुकूलित कार्यकारी कुर्सीयान की सुविधा होगी। रेलगाड़ी में कुल 16 डिब्बे लगाए जाएंगे।
नई दिल्ली और पटना के बीच चलने वाली यह विशेष रेलगाड़ी छह प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इनमें अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा शामिल हैं। इन स्टेशनों पर ठहराव होने से रास्ते में पडऩे वाले शहरों के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।
रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, रेलगाड़ी की व्यावसायिक सेवा 16 और 18 अक्टूबर से शुरू होगी। इसके बाद 21 अक्टूबर से 25 नवंबर तक यह सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी। वापसी की दिशा में यह 22 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक मंगलवार, गुरुवार और रविवार को संचालित होगी।
नई दिल्ली से पटना जाने वाली विशेष वंदे भारत रेलगाड़ी सुबह 8 बजकर 35 मिनट पर रवाना होगी और रात 9 बजकर 30 मिनट पर पटना जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में पटना से यह सुबह 10 बजे प्रस्थान करेगी और रात 11 बजकर 30 मिनट पर नई दिल्ली पहुंचेगी।
रेलवे ने अभी तक प्रत्येक स्टेशन पर रेलगाड़ी के ठहराव की अवधि का विस्तृत विवरण उपलब्ध नहीं कराया है। यात्रियों को यात्रा से पहले समय-सारिणी की पुष्टि करने की सलाह दी जाती है।
विशेष वंदे भारत रेलगाड़ी के लिए टिकटों की बुकिंग अभी शुरू नहीं हुई है। रेलवे के अनुसार, बुकिंग जल्द शुरू किए जाने की संभावना है। यात्री टिकट उपलब्ध होने के बाद भारतीय रेलवे की ऑनलाइन आरक्षण सेवा की वेबसाइट या रेलवे स्टेशनों पर यात्री आरक्षण प्रणाली के काउंटरों से टिकट बुक करा सकेंगे।
दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भारतीय रेलवे ने 8,000 से अधिक विशेष रेलगाडिय़ों के फेरे संचालित करने की घोषणा की है। इन विशेष सेवाओं का उद्देश्य यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराना और नियमित रेलगाडिय़ों में भीड़ का दबाव कम करना है।
दिल्ली से पटना के बीच विशेष वंदे भारत रेलगाड़ी शुरू होने से त्योहारों पर घर लौटने वाले बिहार के यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिलेगा। हालांकि, यात्रियों को टिकट बुकिंग, परिचालन के दिनों और समय-सारिणी से संबंधित अंतिम जानकारी के लिए रेलवे की आधिकारिक सूचना पर नजर रखनी होगी।








