लंदन(ए.)। लंदन से अमेरिका के शिकागो जा रही ब्रिटिश एयरवेज की ट्रांसअटलांटिक उड़ान में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विमान ने आयरलैंड के ऊपर उड़ान के दौरान अचानक ऊंचाई कम करनी शुरू कर दी। विमान की ओर से इमरजेंसी ट्रांसपोंडर कोड 7700 जारी किए जाने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल और फ्लाइट ट्रैकिंग सिस्टम के जरिए उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जाने लगी। ब्रिटिश एयरवेज की उड़ान क्च्र295 ने स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 11:50 बजे लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट के टर्मिनल-5 से शिकागो के ओ’हेयर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी थी। इस उड़ान का निर्धारित समय करीब 8 घंटे 40 मिनट था। उड़ान भरने के करीब एक घंटे बाद विमान करीब 37 हजार फीट की ऊंचाई पर पहुंच गया था। इसी दौरान विमान में अचानक एक परिचालन संबंधी समस्या सामने आई। इसके बाद विमान ने तेजी से ऊंचाई कम करनी शुरू कर दी और कुछ ही समय में करीब 28 हजार फीट नीचे आ गया। उस समय विमान आयरलैंड के ऊपर उड़ रहा था। फ्लाइट ट्रैकिंग से जुड़े आंकड़ों के अनुसार, बाद में क्च्र295 ने अपना रुख बदलकर वापस लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट की ओर कर लिया।
इससे संकेत मिल रहे हैं कि विमान को शिकागो की यात्रा बीच में ही रोककर वापस लंदन भेजा जा रहा है। हालांकि, ब्रिटिश एयरवेज की ओर से घटना के कारणों को लेकर तत्काल कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि विमान को वापस लंदन भेजने का वास्तविक कारण क्या था।
7700 कोड से मिला आपात स्थिति का संकेत
विमान के ट्रांसपोंडर से 7700 कोड जारी किया गया। विमानन क्षेत्र में यह कोड सामान्य आपात स्थिति का संकेत माना जाता है। इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल और फ्लाइट-ट्रैकिंग प्रणालियों के जरिए विमान की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई।
फिलहाल विमान की सुरक्षित वापसी और लैंडिंग की प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है। घटना के कारण और विमान में सवार यात्रियों की स्थिति को लेकर एयरलाइन की आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।








