
भोपाल (संदीप पंडा)। गांधी जयंती के अवसर पर अयोध्या नगर स्थित अहिंसा विहार कॉलोनी के खेल मैदान में कैंसर सेवा ग्रुप द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रक्त संग्रह वाहन के माध्यम से आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में कॉलोनीवासियों ने उत्साह के साथ सहभागिता निभाई।
कैंसर सेवा ग्रुप के संस्थापक दीपक मानकर के सहयोग एवं मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में कांग्रेस पार्टी के नरेला क्षेत्र के पार्षद जितेंद्र राजपूत तथा भाजपा अयोध्या मंडल अध्यक्ष लवकुश यादव उपस्थित रहे। इस दौरान सतेंद्र गुर्जर, श्रीमती पुष्पा राजपूत, अरविंद जैन, श्रीमती चंदना अरोरा, मोहन पवार, मान सिंह राजपूत, श्री दीक्षित, श्री पटवा, विकास कोहली, राजेश एवं संतोष सहित अन्य कॉलोनीवासियों ने शिविर में पहुंचकर सहयोग किया। शिविर में महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई और कई महिलाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। वहीं छोटे बच्चों ने भी अपनी उम्र और क्षमता के अनुरूप इस सेवा कार्य में योगदान देकर समाजसेवा की भावना की सुंदर मिसाल पेश की। बच्चों के इस सेवाभाव को देखकर उपस्थित लोगों ने उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजकों ने कहा कि समाजसेवा का बीज यदि बचपन से ही बच्चों के मन में रोपा जाए तो यही बच्चे आगे चलकर संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनते हैं। कैंसर सेवा ग्रुप की ओर से सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों, बच्चों और कॉलोनीवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि सेवा का यह भाव सभी के जीवन में हमेशा बना रहे। रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में लोगों की भागीदारी जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित हो सकती है।








