Homeप्रदेशशाम होते ही होशंगाबाद रोड, अयोध्या बायपास रोड पर लग रहा लंबा...
शाम होते ही होशंगाबाद रोड, अयोध्या बायपास रोड पर लग रहा लंबा जाम,रेंगते वाहनों से परेशान राहगीर
Join Us
भोपाल (संदीप पंडा)। राजधानी में शाम होते ही होशंगाबाद रोड, अयोध्या बायपास रोड, बागसेवनिया, मिसरोद और आईएसबीटी बस स्टैंड की ओर आने एवं जाने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था बिगडऩे लगती है। शाम करीब 4 बजे से रात 9 बजे तक इन मार्गों पर रोजाना लंबा जाम लगने से वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि कई स्थानों पर वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते हैं और कुछ दूरी तय करने में भी काफी समय लग जाता है। होशंगाबाद रोड से बड़ी संख्या में लोग शहर के अलग-अलग हिस्सों में आवागमन करते हैं। इसी मार्ग से रेलवे स्टेशन, अस्पताल, बस स्टैंड और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की ओर जाने वाले लोग भी गुजरते हैं। ऐसे में शाम के समय लगने वाला जाम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। खासकर जरूरी काम से निकलने वाले लोगों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कत होती है। इसी यातायात व्यवस्था को लेकर कैंसर सेवा ग्रुप के डायरेक्टर दीपक मानकर ने नाराजगी जताई है। जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 7 बजे वे किसी जरूरी कार्य से होशंगाबाद रोड स्थित डीमार्ट के पास से गुजर रहे थे। इस दौरान उन्हें रोजाना की तरह लंबे जाम का सामना करना पड़ा। उनके साथ जवाहर लाल नेहरू कैंसर हॉस्पिटल का स्टाफ भी मौजूद था। बताया गया कि जाम की स्थिति इतनी गंभीर थी कि वाहन लंबे समय तक फंसे रहे। करीब ढाई घंटे तक यातायात प्रभावित रहने से दीपक मानकर और उनके साथ मौजूद स्टाफ को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। रोजाना की समस्या, फिर भी समाधान नहीं
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि शाम के समय इस मार्ग पर जाम लगना अब रोजाना की समस्या बन गया है। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए प्रभावी सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। जाम के दौरान कई बार वाहन चालकों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि यदि शाम के व्यस्त समय में यातायात प्रबंधन को बेहतर किया जाए और प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त ट्रैफिक व्यवस्था की जाए तो जाम की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। संबंधित विभाग से व्यवस्था सुधारने की मांग
रोजाना बनने वाली इस स्थिति को देखते हुए संबंधित विभाग से यातायात व्यवस्था में जल्द सुधार करने की मांग की जा रही है। खासकर शाम के व्यस्त समय में प्रमुख चौराहों और जाम प्रभावित क्षेत्रों में यातायात प्रबंधन को मजबूत करने की जरूरत है, ताकि वाहन चालकों के साथ-साथ अस्पताल, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड की ओर जाने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े। लगातार जाम की स्थिति से यह सवाल भी उठ रहा है कि जब समस्या रोजाना सामने आ रही है तो इसके स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम कब उठाए जाएंगे। शहरवासियों की मांग है कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए ऐसी व्यवस्था बनाए, जिससे होशंगाबाद रोड और आसपास के क्षेत्रों से गुजरने वाले लोगों का सफर सुगम और व्यवस्थित हो सके।